लोरमी में पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवपुराण कथा को नहीं मिली अनुमति

लोरमी। उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुए हादसे के बाद छत्तीसगढ़ में भी कथा और भीड़ वाले कार्यक्रमों की अनुमति देने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। पंडित प्रदीप मिश्रा की 2 व 3 अगस्त को लोरमी में शिवपुराण कथा होने वाला था लेकिन पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण एसडीएम ने इसकी अनुमति देने से आयोजकों को इंकार कर दिया है।
सीहोर वाले पंडित के नाम से मशहूर पंडित मिश्रा को बड़ा झटका लगा है। बताया जा रहा है कि लोरमी में आयोजन समिति कि ओर से मांगी गई अनुमति को लोरमी एसडीएम ने अस्वीकार करते हुए फिलहाल रोक दिया है। उनका कहना है कि जिस जगह पर कथा का आयोजन होना है वहां पर व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। ऐसे में किसी भी तरह के हादसे की स्थिति बन सकती है। स्थानीय प्रशासन की ओर से इस मामले में छह विभागों से रिपोर्ट मांगी गई थी, इसके बाद यह फैसला लिया गया है। गौरतलब है कि पंडित प्रदीप मिश्रा की यह कथा 2-3 अगस्त से लोरमी में होने वाली थी, इसे लेकर समिति की ओर से अध्यक्ष अनिल सलूजा ने अनुमति मांगी थी।




