स्मृति ईरानी का रायपुर दौरा – सियासी भूकंप की अफवाहों के बीच सरकार को छह महीने की मोहलत!

 

रायपुर – राजनीति में हर हलचल बदलाव का संकेत नहीं होती और हर नाराजगी सरकार की विदाई की पटकथा नहीं लिखती। भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के रायपुर दौरे को लेकर मीडिया में तेवर, सख्ती और संभावित फेरबदल की खूब चर्चा हुई। लेकिन सुर्खियों के शोर से इतर इस दौरे के संकेत कुछ अलग हैं।

पहला महत्वपूर्ण संकेत फिलहाल सरकार में बदलाव के आसार नहीं है। स्मृति ने इस दौरे में न पोस्टर-बैनरों की चमक को तवज्जो दी, न मीडिया के सामने बयानबाजी का रास्ता चुना। बैठकों पर जोर रहा और संगठन के अलग-अलग स्तरों से संवाद हुआ। संदेश साफ था शक्ति प्रदर्शन से ज्यादा जरूरी है संगठन की वास्तविक स्थिति समझना।

दिल्ली की शिकायतें, रायपुर का फीडबैक

सत्ता और संगठन में शिकायतें नई बात नहीं। कोई अपनी उपेक्षा से नाराज है, कोई मंत्री से तो कोई संगठन में बढ़ते किसी दूसरे नेता के कद से। लेकिन शिकायतों का होना और सरकार बदलने की जरूरत होना, दो अलग बातें हैं।

प्रदेश प्रभारी की असली परीक्षा भी यही है कि वह शिकायतों को सुने, उनके पीछे की वास्तविकता समझे और जमीनी फीडबैक के आधार पर निष्कर्ष निकाले। स्मृति के दौरे को तत्काल किसी की कुर्सी का फैसला मानना जल्दबाजी होगी। संकेत यही हैं कि सरकार को लेकर दिल्ली में बनी धारणा और रायपुर से मिले फीडबैक में कुछ अंतर हो सकता है।

विधायकों के लिए भी संदेश

इस दौरे का एक अहम पहलू कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि के बीच का रिश्ता है। चुनाव जीतना एक बात है, कार्यकर्ताओं के बीच पकड़ बनाए रखना दूसरी। पार्टी नेतृत्व के लिए यह जानना जरूरी है कि कौन अपने क्षेत्र में संगठन मजबूत कर रहा है और कौन केवल पद के भरोसे राजनीति कर रहा है।

आने वाले समय में कार्यकर्ताओं से संवाद, संगठन में दूसरी पंक्ति की भूमिका और विधायकों की अपने क्षेत्र में पकड़ जैसे पहलू राजनीतिक मूल्यांकन का आधार बन सकते हैं। यानी टिकट या कुर्सी पर तत्काल फैसला भले न हो, लेकिन भविष्य की कसौटियां तय होने लगी हैं।

छह महीने बाद क्या होगा?

स्मृति का यह दौरा फैसले की बैठक से ज्यादा फैसले की जमीन तैयार करने वाली कवायद है। फिलहाल सरकार या संगठन में बड़े बदलाव का कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिखता। अगले छह महीने निर्देशों पर अमल, कार्यकर्ताओं से जुड़ाव और शिकायतों के समाधान की परीक्षा होंगे।

फिलहाल सरकार को राहत, संगठन को नसीहत और नेताओं को अपना रिपोर्ट कार्ड सुधारने का वक्त मिला है। स्मृति अपने साथ क्या रिपोर्ट लेकर दिल्ली लौटीं, यह कहना मुश्किल है। लेकिन इतना तय है कि इस दौरे का असली असर स्वागत-सत्कार या सुर्खियों से नहीं, आने वाले महीनों में होने वाले काम से मापा जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *