दूसरों की सेवा-पुस्तिका की जांच, अपनी कुर्सी की मियाद! विधानसभा सचिवालय में वेतनमान का बड़ा विवाद, दिनेश शर्मा के मामले में सरकारी खजाने पर हर महीने ₹75 हजार तक का अतिरिक्त बोझ

 

रायपुर – छत्तीसगढ़ विधानसभा सचिवालय में वेतनमान का ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें राज्य संवर्ग के अधिकारी के पद पर रहते हुए अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों के लिए लागू केंद्रीय वेतनमान का लाभ दिया जा रहा है। यही नही वेतनमान, सेवा संबंधी आदेश और भुगतान के अंतर का आकलन इस प्रकरण को और भी ज्यादा गंभीर बनाते हैं। मामला पूर्व प्रमुख सचिव चंद्रशेखर गंगराड़े से शुरू होकर वर्तमान सचिव दिनेश शर्मा तक पहुंचता है और इसका वित्तीय असर केवल आज के वेतन तक सीमित नहीं, सेवानिवृत्ति के लाभों तक जाता है।

राज्य संवर्ग का पद, केंद्रीय वेतनमान का लाभ –

विधानसभा सचिवालय की वरिष्ठता सूची दिनांक 1 अप्रैल 2025 में सचिव दिनेश कुमार शर्मा के नाम के सामने वेतन मैट्रिक्स लेवल-14, ₹1,44,200 से ₹2,18,200 दर्ज है। इसी प्रविष्टि में वेतनमान को “अखिल भारतीय सेवा के सदस्यों को लागू वेतनमान” बताया गया है।

इस प्रकरण से जुड़े दस्तावेजों में राज्य संवर्ग के अधिकारियों के लिए लागू वेतनमान और अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों के केंद्रीय वेतनमान के बीच अंतर का विस्तृत उल्लेख है। दस्तावेजों के अनुसार, राज्य वेतनमान में लगभग ₹1,41,800 मूल वेतन के मुकाबले केंद्रीय वेतनमान में लगभग ₹1,82,300 मूल वेतन का अंतर सामने आता है। यानी मूल वेतन में करीब ₹40,000 प्रतिमाह का अंतर। महंगाई भत्ते सहित कुल वित्तीय अंतर लगभग ₹75,000 प्रतिमाह तक आंका गया है।

यह अंतर किसी एक महीने का हिसाब नहीं है। इसी गणना के आधार पर पांच वर्षों में लगभग ₹45 लाख और दस वर्षों में करीब ₹90 लाख तक का अंतर बन सकता है। वास्तविक राशि संबंधित अवधि के भुगतान, लागू वेतनमान और सेवा-लाभों की गणना से निर्धारित होगी।

फाइल में प्रक्रिया का सवाल भी दर्ज –

प्रकरण से जुड़े दस्तावेजों में उल्लेख है कि राज्य सरकार के अधिकारियों को केंद्रीय वेतनमान देने के लिए सामान्य प्रशासन विभाग के माध्यम से प्रस्ताव संबंधित केंद्रीय मंत्रालयों को भेजा जाता है और निर्धारित अनुमोदन के बाद ही पात्रता बनती है। इसी प्रक्रिया के संदर्भ में चंद्रशेखर गंगराड़े और दिनेश शर्मा के वेतन-निर्धारण पर आपत्ति दर्ज की गई है। दस्तावेजों में पुराने आदेशों और प्रक्रिया की व्याख्या के आधार पर केंद्रीय वेतनमान का लाभ दिए जाने की स्वतंत्र जांच की मांग की गई है।

दस्तावेजों में यह भी दर्ज है कि गंगराड़े के प्रमुख सचिव पद से जुड़े वेतनमान और दिनेश शर्मा के सचिव पद पर आने के बाद जारी वेतन-निर्धारण को लेकर प्रक्रिया की समीक्षा आवश्यक है। विधानसभा सचिवालय की वरिष्ठता सूची में तत्कालीन सचिव शिवकुमार राय के लिए राज्य संवर्ग का वेतन मैट्रिक्स लेवल-17, ₹1,41,800 से ₹2,14,700 भी दर्ज है। यह रिकॉर्ड वेतनमानों के अंतर की तुलना में महत्वपूर्ण है।

वेतन का अंतर, पेंशन पर भी असर –

वेतन-निर्धारण में त्रुटि होने पर वित्तीय प्रभाव वर्तमान भुगतान तक सीमित नहीं रहता। अंतिम मूल वेतन के आधार पर निर्धारित पेंशन और अन्य सेवानिवृत्ति लाभ भी प्रभावित हो सकते हैं। इसीलिए प्रकरण में केवल भुगतान का अंतर नहीं, बल्कि उससे जुड़ी दीर्घकालीन वित्तीय देनदारी भी महत्वपूर्ण है।

भारत सरकार के नियंत्रक महालेखाकार के 12 अगस्त 2026 के कार्यालय ज्ञापन में वेतन-निर्धारण की त्रुटियों की पहचान, समयबद्ध ऑडिट और विभागीय जवाबदेही पर जोर दिया गया है। दस्तावेजों में इसी तरह की समीक्षा और नियमानुसार कार्रवाई का संदर्भ भी दिया गया है।

अब दिनेश शर्मा की कुर्सी की मियाद –

दिनेश शर्मा को नवंबर 2025 में सेवानिवृत्ति के बाद एक वर्ष का सेवा-विस्तार दिया गया था। उनकी मौजूदा अवधि 30 नवंबर 2026 को समाप्त हो रही है। एक और सेवा-विस्तार की चर्चा के बीच वेतन-निर्धारण से जुड़ा यह प्रकरण सचिवालय की प्रशासनिक जवाबदेही को और महत्वपूर्ण बना देता है।

एक ओर सचिवालय में कर्मचारियों के सेवा-अभिलेखों की समीक्षा के लिए गठित समिति की अध्यक्षता दिनेश शर्मा कर रहे हैं, दूसरी ओर उनके अपने वेतन-निर्धारण से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक चर्चा में हैं। शीर्ष पद पर बैठे अधिकारी के मामले में नियमों के पालन और सरकारी धन के हिसाब को लेकर पारदर्शिता संस्थान की विश्वसनीयता का सवाल है।

वेतनमान की स्वीकृति, उसकी गणना और उससे जुड़े वित्तीय लाभ इन सभी का हिसाब दस्तावेजों और नियमों के आधार पर ही तय होगा। नवंबर में सेवा-विस्तार को लेकर जो भी निर्णय हो, इस प्रकरण की फाइलें अपनी जगह रहेंगी।

कुर्सी की मियाद बढ़ सकती है, लेकिन वेतनमान की फाइल में दर्ज हिसाब तारीख बढ़ाने से नहीं बदलता।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *