अफ़सर-ए-आ’ला (रविवार की चिट्ठी – सुशांत की कलम से)

कहीं MG युग की वापसी, कहीं 400 करोड़ का रहस्य, तो कहीं सफेदपोशों की उड़ती नींद! HD के वरदहस्त वाले कलयुगी कौरव से लेकर तुलसी की क्लास तक, इस रविवार कई चेहरों के मुखौटे उतर उतरेंगे

 

वित्तीय विरोधाभास
छत्तीसगढ़ राज्य के उदय के बाद पहले वित्त मंत्री डॉ. रामचंद्र सिंहदेव बने। शुरुआती दौर में करीब 7,294 करोड़ रुपये का बजट पेश करने वाले राज्य का बजट आज 1 लाख 52 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। रमन सिंह के 15 साल के शासन और भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में वित्त विभाग मुख्यमंत्री के पास रहा, लेकिन सुशासन की सरकार आई तो यह विभाग एक युवा आईएएस अधिकारी के हाथों में पहुंच गया और सीएमओ से वित्त विभाग को भेजी जाने वाली फाइलों पर मंजूरी को लेकर खासा विरोधाभास दिखने लगा। सरकार के दो अहम हिस्सों के बीच तालमेल की यह स्थिति सीएमओ की मंशा और वित्त विभाग के फैसलों के बीच ऐसी दूरी क्यों है। दूसरी ओर, युवा साहब की सक्रियता अपने ही इलाके में अधिक जोर-आजमाइश दिखाती है। लेकिन वहां भी व्यापारी वर्ग में युवा साहब के प्रति नाराजगी है। जिस युवा नेतृत्व से नई सोच और बेहतर तालमेल की उम्मीद थी, वहां एकाधिकार की छवि आखिर क्यों बन रही है। वित्त मंत्री जी युवा जरूर हैं, लेकिन फैसलों में अपनी ही चलाने की प्रवृत्ति उन्हें अलग-थलग करती दिख रही है। कभी युवाओं के भविष्य और रोजगार को लेकर मुखर दिखने वाले साहब चुप्पी साधे है। तनख्वाह आखिर सरकार के खजाने से ही जानी है, किसी की निजी जेब से नहीं। एक तरफ युवाओं के रोजगार की चिंता, दूसरी तरफ उन्हीं युवाओं को लेकर उदासीनता। ये विरोधाभास महज संयोग हैं या सरकार के भीतर किसी बड़े समीकरण के संकेत? देखना है कि इस वित्तीय विरोधाभास का हिसाब कौन और आखिर कब चुकाता है!

MG युग की वापसी –
MG का दौर याद है न! कभी इनके नाम से बड़े-बड़ों की धड़कनें बढ़ जाती थीं। वक्त बदला, सरकार बदली, मुखौटे बदले, लेकिन जांच की बिसात पर किरदारों का मिजाज नहीं बदला। पुरानी फिल्मों में एक खास किरदार हुआ करता था, अब छानबीन वाले अमले में मल्होत्रा साहब को देखकर लगता है, वही किरदार नए दौर में लौट आया है। कुर्सी बदले, आका बदले, लेकिन हुनर जस का तस! बताते हैं कि तहसील से रजिस्ट्री कार्यालय तक जमीन की खरीदी-बिक्री पर साहब की चौकन्नी नजर रहती है। किसने कितनी जमीन खरीदी, किस भाव में खरीदी और कौन कितना बड़ा आसामी है, इसका हिसाब भी साहब की डायरी में रहता है। दस करोड़ की जमीन एक करोड़ में और सौ करोड़ की जमीन पांच करोड़ में खरीदने तक और फिर शुरू होता है केंद्रीय जांच एजेंसी का डर दिखाने का खेल। इसी डर की आड़ में करीब 400 करोड़ का खेला हो गया है। हर दौर में मल्होत्रा साहब ही इतने खास क्यों है। क्या इनके पीछे भी कोई खास साहब बैठे हैं, जिन तक पहुंचने के लिए मल्होत्रा सिर्फ एक कड़ी हैं? MG के दौर में जांच की धमक अलग थी। अब चेहरे नए हैं, लेकिन किरदार पुराने! फिल्म बदल गई, चेहरे बदल गए, मगर पर्दे के पीछे पटकथा लिखने वाले साहब आज भी अपनी जगह कायम हैं।

सफेदपोश अफसर –
कोल महादेव सट्टा ऐप घोटाले में सीबीआई के नोटिस ने ब्यूरोक्रेसी के गलियारों में बेचैनी बढ़ा दी है। जिन चेहरों पर कभी रुतबे की चमक थी, उनके सामने अब जांच की आंच है। गिरफ्तारी की तलवार किसके सिर पर गिरेगी, यह तो वक्त बताएगा, लेकिन कुछ अफसरों की नींद जरूर हराम हो गई है। इनमें एक शेख चिल्ली, एक महिला आईपीएस और एक अग्रवाल साहब का नाम है। सूर्यकांत के दौर में काले पीले का जो खेल चला, उसके हिसाब-किताब की घड़ी अब करीब आती दिख रही है। एक साहब पढ़ाई-लिखाई के बहाने दूरी बनाकर चल रहे हैं, मगर पर्दे के पीछे शेख चिल्ली की चालें अब भी कम नहीं हुई हैं। कभी इधर की गोटी, कभी उधर की बिसात मकसद एक ही, पुराने दागों पर सफेदी की इतनी परत चढ़ा दो कि कोई निशान ही न बचे। कहीं जमीन के सौदे, कहीं संपत्ति को नया रूप देने की कवायद, तो कहीं पुराने हिसाब को नए बहीखाते में दर्ज करने की जुगत। साहब लोगों को शायद लगता है कि काले को सफेद करने की मशीन उनके पास ही है। मगर दिक्कत यह है कि जांच की नजर रंग नहीं, उसके पीछे की कहानी देखती है। सफेद कुर्ता पहन लेने से पुराने कारनामों की स्याही नहीं मिटती। अब तक दूसरों की फाइलों में कमियां निकालने वाले अगर खुद अपनी फाइल के पन्ने पलटने की चिंता में हैं, तो इसे वक्त का फेर ही कहेंगे। ब्यूरोक्रेसी में कुर्सी, रसूख और पहुंच का अपना जलवा होता है, लेकिन जांच की आंच में ये तीनों हमेशा ढाल नहीं बनते। आज जो अपने पुराने हिसाब को सफेद करने में जुटे हैं, उन्हें याद रखना चाहिए वक्त की फाइल में कुछ भी स्थायी रूप से बंद नहीं होता। पन्ने कभी भी पलट सकते हैं और जब पलटते हैं, तो सफेदपोशी की असली रंगत सामने आने में देर नहीं लगती।

कलयुग का कौरव और HD का वरदहस्त –
एक युद्ध महाभारत में कौरवों और पांडवों के बीच हुआ था। कलयुग में भी एक कौरव हैं, जिनके नाम में ही भगवान विष्णु और परमात्मा श्रीकृष्ण का स्मरण छिपा है जन-अर्दन! बताते हैं कि शराब घोटाले की जांच में इस जन-अर्दन का नाम सबसे ऊपर था। और शराब कारोबार का पूरा खेल इनके इशारों पर चलता था। निलंबन भी हुआ, जांच भी हुई, मगर गिरफ्तारी की नौबत नहीं आई। न आंच आई, न आंच की तपिश महसूस हुई! इस कौरव के सिर पर एक बड़े मीडिया समूह के मालिक का ऐसा वरदहस्त था कि जांच की आंच भी ठंडी पड़ गई। वही साहब, जिनका मीडिया HD ग्राफिक्स में चलता है! बताते हैं कि तेलीबांधा से धमतरी तक कारोबार का जाल फैला था। महामाया इंटरप्राइजेस का नाम भी इस पूरे किस्से में उछलता रहा। अब इन नामों के पीछे की कहानी क्या है, यह जांच का विषय है। कहते हैं, जन-अर्दन अगर दोबारा जांच के रडार पर आ जाएं, तो कई बंद पासे खुल सकते हैं। मगर सवाल यह है कि जांच करने वाले साहब के हाथ आखिर किसने बांध रखे थे? क्या HD ग्राफिक्स वाले मीडिया मालिक की कृपा इतनी भारी थी कि जांच की कलम ही ठिठक गई? फिलहाल, जन-अर्दन के पीछे कई रहस्य हैं, कई राज हैं और कई अनकहे किस्से भी। महाभारत के कौरवों की कहानी तो सब जानते हैं, लेकिन कलयुग के इस कौरव के पीछे खड़े HD का पूरा किस्सा फिर कभी…

वर्दी का विमर्श –
मैडम की AK-47 वाली वीडियो वायरल हुई, फिर वीडियो पर सवाल उठे और देखते ही देखते मुद्दा सुरक्षा से हटकर अस्मिता, क्षेत्रवाद और पारंपरिक वेशभूषा तक पहुंच गया। चर्चा चली कि छत्तीसगढ़ की बेटी है, पारंपरिक परिधान में शस्त्र पूजन कर रही थी। मगर इस पूरे विमर्श में वह मूल सवाल पीछे छूट गया, जो हथियारों के इस्तेमाल और सुरक्षा मानकों से जुड़ा था। वीडियो के प्रचार और उसके बाद बने नैरेटिव ने विवाद को एक अलग दिशा दी। लेकिन सवाल यह है कि आखिर बहस का केंद्र हथियारों का संचालन होना चाहिए या अधिकारी की छवि? भारतीय सेना के पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल KJS ढिल्लों ने वीडियो को लेकर सुरक्षा संबंधी सवाल उठाए हैं। ये सवाल किसी की पहचान या पहनावे पर नहीं, बल्कि हथियार संभालने के तरीके, फायरिंग की दिशा और आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा पर हैं। शस्त्र पूजन हमारी परंपरा है, लेकिन परंपरा सुरक्षा नियमों से ऊपर नहीं हो सकती। वर्दी की प्रतिष्ठा भी तभी कायम रहती है, जब उसके साथ अनुशासन और जवाबदेही दिखाई दे। मैडम छत्तीसगढ़ की बेटी हैं, इसमें किसी को आपत्ति नहीं मगर सुरक्षा के सवालों का जवाब भी सुरक्षा के मानकों पर ही देना होगा। असली मुद्दा यही है, बाकी बहस तो मूल सवाल से ध्यान हटाने का जरिया बन सकती है।

तुलसी की क्लास –
क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ की तुलसी अब छत्तीसगढ़ भाजपा के सियासी परिवार में नई भूमिका निभाने आ गई हैं। फर्क बस इतना है कि टीवी सीरियल में परिवार की खींचतान थी, यहां सत्ता और संगठन का हिसाब-किताब है। मैडम स्मृति ईरानी दो दिन के प्रवास पर रायपुर पहुंच रही हैं, मगर उनकी आमद से पहले ही सियासी गलियारों में हलचल तेज है। मैडम तेज-तर्रार ही नहीं, स्टैंड फॉरवर्ड भी हैं। बताते हैं कि रायपुर आने से पहले ही उन्होंने मंत्रियों, विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों को साफ संदेश दे दिया है अपनी तस्वीरें चमकाने से फुर्सत मिले तो सरकार की योजनाओं का प्रचार भी कर लीजिए! सोशल मीडिया पर कौन कितना सक्रिय है, किसने सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाईं और कौन सिर्फ अपनी ब्रांडिंग में लगा रहा, इसका हिसाब मांगा जा रहा है। बस, इसी खबर ने कई माननीयों के हाथ-पांव फुला दिए हैं। अब तक सोशल मीडिया पर जन्मदिन, बधाई, स्वागत-सत्कार और अपनी तस्वीरों से सियासी दुकान सजाने वालों को सरकारी योजनाओं का हिसाब भी देना पड़ सकता है और कमजोर रिपोर्ट कार्ड वालों की क्लास लग सकती है। मैडम के एजेंडे में 2023 में हारी 36 विधानसभा सीटों की समीक्षा, संगठन की मजबूती और मंत्रियों के कामकाज का आकलन भी है। यानी दो दिन का प्रवास महज औपचारिक मुलाकातों का कार्यक्रम नहीं है। सरकार और संगठन के बीच तालमेल से लेकर कार्यकर्ताओं की नाराजगी तक, कई परतें खुल सकती हैं। अब देखना यह है कि तुलसी के इन दो दिनों में किसकी सियासी बेल चढ़ती है और किसकी फाइल खुलती है। फिलहाल इतना तय है कि मैडम के आने से पहले ही कई माननीय अपनी सोशल मीडिया टाइमलाइन खंगालने में जुट गए होंगे। आखिर सरकार की योजनाओं का हिसाब जो देना है, सिर्फ अपनी तस्वीरों का एलबम नहीं दिखाना!

यक्ष प्रश्न –
1 – वह कौन-सा चवन्नी है, जो इन दिनों खूब खनक रहा है? 15-15 पोकलेन लेकर रुपयों से डॉलर तक का सफर तय करने में जुटा है आखिर इस चवन्नी की खनक के पीछे कौन-सा खेल है?

2 – महाभारत में संजय को दिव्य दृष्टि मिली थी, कलयुग में भी एक संजय हैं, जिनकी नजर 80 फीसदी अफसरों की चारदीवारी के पीछे तक पहुंच जाती है! इस आधुनिक संजय की दिव्य दृष्टि का राज क्या है?

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *