महंत से नजदीकी की विरासत अब सेवावृद्धि की चर्चा! शिलालेख से चरखे तक दिनेश शर्मा की भूमिका पर सवाल, तत्कालीन कांग्रेस सरकार से करीबी और अब भाजपा सत्ता की चुप्पी चर्चा में!

रायपुर – राजनीति में वफादारी की मिसालें अक्सर दी जाती हैं, लेकिन जब यही वफादारी संवैधानिक संस्थाओं की चौखट तक पहुंचने लगे तो सवाल उठना लाजिमी है। छत्तीसगढ़ विधानसभा के वर्तमान सचिव दिनेश शर्मा की तत्कालीन कांग्रेस सरकार और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत से नजदीकी और आत्मीयता को लेकर अब कई पुराने प्रसंग फिर चर्चा में हैं। दिलचस्प यह है कि जिन प्रसंगों को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे, उन्हीं दिनेश शर्मा के कार्यकाल के विस्तार की चर्चा ने पूरे मामले को फिर सुर्खियों में ला दिया है।
दिनेश शर्मा और डॉ. चरणदास महंत के बीच संबंधों की चर्चा महज औपचारिक प्रशासनिक दायरे तक सीमित नहीं रही। राजनांदगांव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदर्भ में सिर फोड़ने जैसा विवादास्पद बयान देने वाले डॉ. महंत के प्रति उनकी निकटता को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। वहीं, नई विधानसभा के उद्घाटन से जुड़ा शिलालेख भी इस पूरे प्रकरण का अहम हिस्सा है। आरोपों है कि प्रधानमंत्री कार्यालय से अनुमोदित पांच नामों वाले मूल शिलालेख को हटाकर उसमें डॉ. चरणदास महंत का नाम अंकित कराया गया। यदि ऐसा हुआ तो इसके पीछे निर्णय किसका था और इसकी प्रशासनिक प्रक्रिया क्या रही, यह निष्पक्ष जांच का विषय है।
शिलालेख के बाद चरखे की कहानी!
मामला सिर्फ नाम और शिलालेख तक नहीं रुकता। जब डॉ. चरणदास महंत विधानसभा अध्यक्ष थे, तब गांधी संस्थान की ओर से उन्हें एक चरखा भेंट किया गया था। उस चरखे पर उनके नाम का परिचय-पट्ट भी लगा हुआ है। बताया जाता है कि इसे पुरानी विधानसभा से निकलवाकर नई विधानसभा के मुख्य प्रवेश द्वार पर बाईं ओर स्थापित कराया गया। अब वहां से गुजरने वाले सांसद, विधायक, मंत्री, मुख्यमंत्री और राज्यपाल तक उस चरखे और उससे जुड़े नाम को देखते हैं।
सवाल यह है कि किसी पूर्व विधानसभा अध्यक्ष को व्यक्तिगत रूप से भेंट की गई वस्तु को नई विधानसभा के मुख्य प्रवेश द्वार पर इस तरह स्थापित करने का निर्णय किस स्तर पर लिया गया? क्या इसके पीछे कोई संस्थागत परंपरा, आधिकारिक आदेश या प्रशासनिक औचित्य था? अथवा यह किसी व्यक्ति विशेष के प्रति असाधारण आत्मीयता का प्रदर्शन था? विधानसभा जैसी संवैधानिक संस्था में ऐसे निर्णयों की पारदर्शिता जरूरी है।
तत्कालीन सत्ता से निकटता, अब विस्तार की चर्चा!
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे दिलचस्प पहलू मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियां हैं। जिस दौर में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, उस समय डॉ. चरणदास महंत विधानसभा अध्यक्ष थे और दिनेश शर्मा विधानसभा के प्रशासनिक तंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। अब प्रदेश में सत्ता बदल चुकी है। भाजपा की सरकार है और विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी डॉ. रमन सिंह के पास है। ऐसे में दिनेश शर्मा के कार्यकाल में विस्तार की चर्चा ने पुराने प्रसंगों को नए सिरे से प्रासंगिक बना दिया है।
भाजपा के नेताओं और संगठन के लोगों के लिए भी यह आत्ममंथन का विषय होना चाहिए कि संवैधानिक संस्थाओं में पदस्थ अधिकारियों की भूमिका और उनकी कार्यशैली का मूल्यांकन किन कसौटियों पर हो रहा है। आखिर सत्ता परिवर्तन का अर्थ केवल चेहरे बदलना नहीं, बल्कि संस्थागत कार्यसंस्कृति में निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करना भी है।
ध्रुव को जगह नहीं मिली तो उसने अपना आसमान बना लिया!
इस पूरे प्रकरण को समझने के लिए पौराणिक प्रसंग भी दिलचस्प है। राजा उत्तानपाद की गोद में स्थान पाने के लिए ध्रुव को उपेक्षा झेलनी पड़ी थी। लेकिन उसने किसी की परिक्रमा करने के बजाय अपनी अलग पहचान बनाई और अंततः ध्रुव तारा बन गया। सत्ता के गलियारों में कौन किसकी परिक्रमा कर रहा है, यह तो वक्त बताएगा, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं में पद और प्रतिष्ठा का आधार व्यक्तिगत समीकरण नहीं, बल्कि योग्यता, निष्पक्षता और संस्थागत मर्यादा होनी चाहिए।
हिरण्यकश्यप और प्रह्लाद का प्रसंग भी यही याद दिलाता है कि सत्ता के सामने सवाल उठाने वाले पात्र हमेशा व्यवस्था को असहज करते हैं, लेकिन इतिहास में पहचान अंततः सत्य और विवेक की ही बनती है।
सवाल दिनेश शर्मा की व्यक्तिगत निष्ठा का नहीं, बल्कि उस व्यवस्था का है जो इन सवालों के बावजूद मौन है। किसी अधिकारी की निजी पसंद या राजनीतिक आत्मीयता उसका व्यक्तिगत विषय हो सकती है, लेकिन विधानसभा सचिव जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से अपेक्षा होती है कि उसकी कार्यशैली किसी राजनीतिक पक्ष के प्रति झुकाव से परे दिखाई दे।
अब जरूरत इस बात की है कि शिलालेख में बदलाव, चरखे की स्थापना और इनसे जुड़े प्रशासनिक निर्णयों की वास्तविकता सामने आए। साथ ही, सेवावृद्धि पर विचार करते समय भी कार्यकाल, निष्पक्षता और संस्थागत जवाबदेही को कसौटी बनाया जाए। आखिर विधानसभा किसी दल, नेता या व्यक्ति की निजी विरासत नहीं, बल्कि लोकतंत्र की सर्वोच्च विधायी संस्था है।










