डिमोशन से बहाली तक का सफर, शिकायतों पर विभाग मौन!

अनिता अग्रवाल का रायगढ़ में वित्तीय अनियमितता का पुराना मामला, जांजगीर में वसूली और कर्मचारी प्रताड़ना की 12 बिंदुओं में शिकायत; शासन का आदेश कोर्ट ने निरस्त नहीं किया, फिर भी कार्रवाई अधूरी!

 

राजधानी। छत्तीसगढ़ में सुशासन का दावा करने वाली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग में अधिकारियों की जवाबदेही खुद सवालों के घेरे में है। जांजगीर-चांपा की जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल का कार्यकाल विवादों और कर्मचारी शिकायतों से घिरा रहा है। 2 जून 2025 को पर्यवेक्षक कल्याण संघ ने कलेक्टर को 12 बिंदुओं का ज्ञापन सौंपकर आर्थिक मांग, मानसिक प्रताड़ना, वेतन रोकने और पक्षपातपूर्ण कार्रवाई के गंभीर आरोप लगाए थे। इसकी प्रतिलिपि राज्यपाल, मुख्यमंत्री, महिला एवं बाल विकास मंत्री, राज्य महिला आयोग और विभागीय सचिव-संचालक तक भेजी गई, लेकिन शिकायतों पर अब तक निर्णायक कार्रवाई सामने नहीं आई।

अनिता अग्रवाल का विवादों से पुराना नाता रहा है। रायगढ़ में पदस्थापना के दौरान वित्तीय अनियमितता के मामले में तत्कालीन विभागीय सचिव ने उन्हें उपसंचालक से सहायक संचालक पद पर डिमोट करने का आदेश जारी किया था। इसके खिलाफ न्यायालय से स्थगन मिलने पर कार्रवाई रुक गई। लेकिन अंतिम न्यायिक निर्णय में शासन का आदेश निरस्त नहीं किया गया। न्यायालय ने विभाग को दोबारा जांच करने का विकल्प भी दिया। यानी स्थगन को शासन के आदेश की समाप्ति या आरोपों से मुक्ति नहीं माना जा सकता। इसके बावजूद विभाग ने मामले को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाने की पहल क्यों नहीं की?

जांजगीर में संघ की शिकायतें और गंभीर हैं। ज्ञापन के मुताबिक पर्यवेक्षक अनुपमा अग्रवाल के विरुद्ध जून 2024 से पंजी संधारण के मामले में कार्रवाई की गई। वहीं अलग-अलग परियोजनाओं के आठ पर्यवेक्षकों और संबंधित सेक्टर के कर्मचारियों का अगस्त 2024 की अनियमितता के नाम पर मानदेय रोक दिया गया। सुधार प्रतिवेदन देने के बाद भी नौ महीने तक भुगतान नहीं होने और वेतन जारी करने पर परियोजना अधिकारियों को जांच की धमकी देने का आरोप लगाया गया।

सबसे गंभीर शिकायत प्रत्येक सेक्टर से हर महीने पांच हजार रुपये मांगने की है। राशि नहीं मिलने पर निरीक्षण कर छोटी-छोटी त्रुटियों के नाम पर नोटिस और कार्रवाई की जाती है। पर्यवेक्षक गरिमा शर्मा के कुलीपोटा सेक्टर में 26 मार्च 2025 को निरीक्षण के बाद एक वेतन वृद्धि रोकने की कार्रवाई की बात कही गई और इसे रोकने के नाम पर 50 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया गया। इसी तरह पर्यवेक्षक लोरेंशिया राव से भी 50 हजार रुपये मांगने की शिकायत है।

पर्यवेक्षक पिंकी ठक्कर को दोपहर दो बजे के बाद कार्यालय की आवक-जावक शाखा का काम सौंपने और क्षेत्रीय दौरे से लौटने में देरी पर नोटिस देकर प्रताड़ित करने का आरोप है। पामगढ़ की परियोजना अधिकारी अर्निमा मिश्रा के विरुद्ध गंभीर शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं करने, जबकि बलौदा की परियोजना अधिकारी लक्ष्मी राव वाकोड़े को नौ महीने से अटैच रखने को भी संघ ने पक्षपातपूर्ण रवैया बताया। अर्निमा मिश्रा अब सेवानिवृत्त हो चुकी हैं, लेकिन उनके कार्यकाल से जुड़ी शिकायतों का निपटारा और उन पर हुई कार्रवाई का विवरण भी जवाबदेही के दायरे में आता है।

एक अन्य गंभीर शिकायत भृत्य त्रिवेणी पाण्डेय से जुड़ी है। ज्ञापन के अनुसार उन्होंने पत्रकार के सामने जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा पांच हजार रुपये मांगने का खुलासा किया और इसका वीडियो बनाया था। इसकी जानकारी होने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया। विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान लंच, सुपोषण टोकरी, गोद भराई और अन्नप्राशन जैसे कार्यक्रमों का खर्च कर्मचारियों और पर्यवेक्षकों से अपनी जेब से उठवाने तथा वित्तीय वर्ष 2024-25 का यात्रा भत्ता नहीं मिलने की शिकायत भी की गई।

रायगढ़ में पूर्व पदस्थापना के दौरान एक कर्मचारी की हार्ट अटैक से मृत्यु का उल्लेख करते हुए संघ ने अधिकारी के व्यवहार को भी जिम्मेदार ठहराया है। पर्यवेक्षकों को घर की नौकरानी और बंधुआ मजदूर कहकर अपमानित करने का आरोप भी लगाया गया। संघ के अनुसार अनिता अग्रवाल अक्टूबर 2022 से जांजगीर-चांपा में पदस्थ हैं और यह उनका तीसरा कार्यकाल है। फील्ड में पदस्थ नहीं करने संबंधी न्यायालयीन आदेश के बावजूद यहां पदस्थापना, सुशासन तिहार के दौरान दस दिन के अवकाश और दूसरी ओर कर्मचारियों को एक दिन के अवकाश पर भी इंक्रीमेंट रोकने व निलंबन की चेतावनी देने का मुद्दा भी उठाया गया है।

एक तरफ रायगढ़ में डिमोशन तक पहुंची विभागीय कार्रवाई और दूसरी तरफ जांजगीर में 12 बिंदुओं की गंभीर शिकायतें। इसके बावजूद विभाग की चुप्पी अधिकारियों की जवाबदेही पर बड़ा सवाल है। सुशासन बाबू की सरकार में क्या कर्मचारियों की शिकायतों और अधिकारियों के लिए अलग-अलग मापदंड हैं? महिला एवं बाल विकास मंत्री को इस पूरे मामले का संज्ञान लेकर रायगढ़ के पुराने प्रकरण की फाइल खुलवानी चाहिए और जांजगीर की शिकायतों की समयबद्ध निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। आर्थिक मांग, प्रताड़ना और पक्षपात के आरोप प्रमाणित होने पर निलंबन से लेकर सेवा से बर्खास्तगी तक नियमानुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। आखिर सुशासन का असली इम्तिहान दावों से नहीं, कार्रवाई से होता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *