प्रधानमंत्री तक पहुंची विधानसभा सचिव की शिकायत! दिनेश शर्मा पर भर्ती से लेकर वित्तीय अनियमितताओं तक आरोपों की फेहरिस्त, हाईकोर्ट में जनहित याचिका और जिला न्यायालय में भर्ती मामला लंबित

राजधानी – छत्तीसगढ़ विधानसभा सचिवालय के सचिव दिनेश शर्मा की कार्यप्रणाली को लेकर विवाद अब प्रधानमंत्री तक पहुंच गया है। उनके खिलाफ वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर प्रधानमंत्री को विस्तृत शिकायत भेजी गई है। इसमें पुराने विधानसभा भवन की संपत्तियों के निस्तारण, नई विधानसभा से 125 टीवी गायब होने, भर्ती में बैकडोर नियुक्तियों और कर्मचारियों की पदोन्नति सहित कई गंभीर मुद्दे उठाए गए हैं।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पुराने विधानसभा भवन के करोड़ों रुपये के फर्नीचर, टीवी, एसी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को बिना निर्धारित मूल्यांकन और निविदा प्रक्रिया के राइट-ऑफ किया गया। सामग्री का हिसाब-किताब भी उपलब्ध नहीं है। नए भवन के दिसंबर 2025 में लोकार्पण के तत्काल बाद 125 टीवी गायब होने का मामला भी उठाया गया है। इन आरोपों को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका WP(PIL) 57/2026 दायर होने का उल्लेख है।

छह साल पुरानी भर्ती, नियुक्तियों पर सवाल
सहायक ग्रेड-3 के लगभग 50 पदों पर छह वर्ष पहले विज्ञापन, परीक्षा और परिणाम जारी होने के बावजूद नियुक्तियां लंबित रखने तथा दूसरी ओर बिना विज्ञापन और निर्धारित प्रक्रिया के करीब दो दर्जन नियुक्तियां किए जाने का आरोप है। शिकायत के अनुसार, अभ्यर्थियों की शिकायत पर EOW ने जांच के बाद कार्रवाई के लिए रिपोर्ट विधानसभा सचिवालय को सौंपी, लेकिन आगे कार्रवाई नहीं हुई। इस भर्ती विवाद से जुड़ा मामला जिला न्यायालय में भी लंबित बताया गया है। शिकायत में कुछ बर्खास्त कर्मचारियों की बिना प्रक्रिया पुनर्नियुक्ति और पुरानी वरिष्ठता बहाल करने, मार्शल भर्ती तथा अन्य नियुक्तियों को लेकर दायर WPS/6535/2026 का भी उल्लेख किया गया है।
पुराने विवाद भी फिर चर्चा में
शिकायत में पूर्व अध्यक्षीय कार्यकाल के दौरान आवासीय कार्यालय में 50 हजार रुपये लेते हुए वायरल हुए वीडियो का जिक्र है। उस समय भाजपा कार्यालय के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से भी वीडियो साझा किए जाने का दावा किया गया है। इसके अलावा बिना निविदा कैंटीन संचालन, UPI भुगतान और बिलों के भुगतान में कथित अनियमितता, कर्मचारियों को नियमों के विपरीत अनुवादक बनाने तथा पदोन्नति में रोस्टर की अनदेखी के आरोप लगाए गए हैं।
नए विधानसभा भवन में फॉल्स सीलिंग और टाइल्स गिरने से कर्मचारियों के घायल होने, महिला पुलिसकर्मियों से कथित दुर्व्यवहार, सरकारी वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद जिम्मेदारी तय किए बिना नीलामी और सुरक्षा के लिए आवंटित आठ करोड़ रुपये के उपयोग पर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायत में शिलालेख पर नाम बदलने, विधानसभा के मुख्य द्वार पर चरखा लगाने और सत्र के दौरान कर्मचारियों की देर रात तक उपस्थिति से जुड़े आदेशों को भी शामिल किया गया है।
अब जवाबदेही की दरकार
शिकायतकर्ता ने इन तमाम मामलों की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और न्यायालयों के अंतिम निर्णय सामने आना बाकी है। अब देखना होगा कि प्रधानमंत्री कार्यालय और राज्य शासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करते हैं और विधानसभा सचिवालय इन सवालों का क्या जवाब देता है।










