धर्मांतरित का शव दफनाने को लेकर हुई हिंसक झड़प के बाद आमाबेड़ा छावनी में हुआ तब्दील, स्थिति नियंत्रण में

कांकेर। जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र के बड़े तेवड़ा गांव में धर्मांतरित मृतक चमरा राम सलाम का शव दफनाने को लेकर आदिवासी और धर्मांतरित समुदाय के बीच हिंसक झड़प हो गई। ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर कार्यपालिक दंडाधिकारी द्वारा विधिक प्रावधानों के अनुसार शव को बाहर निकालने का आदेश जारी किया गया। पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव को जिले से बाहर रायपुर रवाना कर दिया गया है। आज शुक्रवार को पूरे ईलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है, पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज, उप पुलिस महानिरीक्षक कांकेर, कलेक्टर कांकेर, पुलिस अधीक्षक कांकेर, पुलिस बल एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी गांव में उपस्थित हैं। वर्तमान में स्थिति नियंत्रित है, मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि चमरा राम सलाम, निवासी ग्राम बड़े तेवड़ा, थाना आमाबेड़ा, जिला कांकेर, 70 वर्षीय पुरुष की मृत्यु 16 दिसंबर को हुई थी, मृतक का पुत्र गांव का सरपंच है। सरपंच एवं मृतक के परिजनों द्वारा मृतक का दफन संस्कार गांव में अपनी निजी भूमि पर कर दिया था। चमरा राम सलाम की मृत्यु को लेकर संदेह व्यक्त करते हुए तथा दफन प्रक्रिया के संबंध में गांव के कुछ ग्रामीण विरोध करते हुए शव को बाहर निकालने की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों द्वारा यह आरोप भी लगाए जा रहे हैं कि दफन संस्कार स्थानीय आदिवासी रीति-रिवाजों के अनुसार नहीं किया गया। इस मुद्दे को लेकर गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। ग्रामीण आपस में आमने-सामने आ गए तथा पत्थरबाजी की घटना हुई। पुलिस कर्मियों एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी द्वारा स्थिति को नियंत्रित करने हेतु आवश्यक कदम उठाए गए है। घटना के दौरान संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा है। इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया। घटना में कई ग्रामीण, कवरेज कर रहे कुछ पत्रकार और एएसपी अंतागढ़ आशीष बंछोर समेत 20 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, इलाके में धारा 144 लागू की गई है।
कांकेर एसपी आईके. एलेसेला ने बताया कि वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है, मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं । सम्पूर्ण घटना के संबंध में आवश्यक विधिक प्रक्रिया एवं अनुवर्ती कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *