घर में घुसे, नाम पूछा… सामने आते ही तीन गोलियां दागीं, सक्ती में युवती की हत्या से सनसनी

घर में घुसे, नाम पूछा… सामने आते ही तीन गोलियां दागीं, सक्ती में युवती की हत्या से सनसनी

सक्ती। सक्ती जिले के जोंगरा गांव में शुक्रवार सुबह हुई एक सनसनीखेज हत्या ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश सीधे एक घर में घुस गए, युवती के बारे में पूछा और सामने आते ही उस पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां दाग दीं। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान 25 वर्षीय पूर्णिमा चौहान के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह दो अज्ञात युवक बाइक से उसके घर पहुंचे। दोनों ने अपने चेहरे सफेद गमछे से ढंक रखे थे। एक आरोपी बंदूक लेकर घर के भीतर घुसा और पूर्णिमा के बारे में पूछा। जैसे ही वह सामने आई, आरोपी ने उस पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डायल-112 की मदद से युवती को अस्पताल भेजा गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शुरुआती जांच में पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद और परिचितों की भूमिका सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर तलाश तेज कर दी गई है।

दिनदहाड़े घर के भीतर घुसकर इस तरह की वारदात ने एक बार फिर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा और अपराधियों के बढ़ते हौसलों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में पुलिस जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *