भिलाई टाउनशिप में सड़क सुरक्षा के लिये आब्जेक्ट मार्कर लगाए गए

भिलाई। सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवाएं विभाग (टीएसडी) द्वारा भिलाई टाउनशिप की प्रमुख सड़कों पर यातायात सुरक्षा और सुव्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जगह जगह पर आब्जेक्ट मार्कर (हजार्ड मार्कर बोर्ड) लगाए जा रहे हैं। यह कदम विशेष रूप से पंडित रविशंकर शुक्ल पथ (सेन्ट्रल एवन्यू रोड), फोरेस्ट एवन्यू रोड और उनसे जुडऩे वाली रोड क्रमांक 1 से लेकर रोड क्रमांक 6 तक के क्रॉसिंग्स पर लागू किया गया है, जिसका उद्देश्य सड़क यातायातकर्ताओं को संभावित बाधाओं के प्रति सतर्क करना है।
यह आब्जेक्ट मार्कर विशेष रूप से उन परिस्थितियों में उपयोगी सिद्ध होंगे जहां दृश्यता कम हो, जैसे कि रात के समय या वर्षा ऋतु में। इन संकेतकों के माध्यम से चालकों को न केवल सड़क पर मौजूद अवरोधों की पूर्व जानकारी मिलेगी, बल्कि वे यातायात नियमों के पालन हेतु भी अधिक सचेत हो सकेंगे। ऐसे प्रयासों से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका में निश्चित रूप से कमी आएगी।
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवाएं विभाग (टीएसडी) की इस पहल को और सशक्त बनाते हुए हाल ही में नेहरू नगर से पंथी चौक तक की डामर रोड तथा महात्मा गांधी कला मंदिर के सामने स्थित सड़क का चौड़ीकरण और पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इन नई और पुनर्निर्मित सड़कों पर भी यातायात को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए स्थान-स्थान पर आब्जेक्ट मार्कर लगाए गए हैं।
इसके अतिरिक्त, आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए नगर सेवाएं विभाग द्वारा टाउनशिप की विभिन्न सड़कों पर कोलतार की रिकर्पेटिंग का कार्य भी पूरी सक्रियता और तैयारी के साथ किया जा रहा है। यह सुनिश्चित करेगा कि सड़कों की स्थिति वर्षा के दौरान भी अनुकूल बनी रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
भिलाई टाउनशिप की सड़कों को सुरक्षित और टिकाऊ बनाने की यह श्रृंखलाबद्ध पहल न केवल इस्पात संयंत्र प्रशासन की सुव्यवस्था व शहरी जीवन की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय वृद्धि लाएगा। ऐसी योजनाबद्ध और तकनीकी रूप से परिपक्व कार्रवाइयों से टाउनशिप को एक मॉडल शहरी क्षेत्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक और सशक्त कदम उठाया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *