सवाल पूछना आपका अधिकार है… जवाब कैसे निकलवाएं, रायपुर में 1 अगस्त को सीखिए RTI का पूरा हथियार –

सवाल पूछना आपका अधिकार है… जवाब कैसे निकलवाएं, रायपुर में 1 अगस्त को सीखिए RTI का पूरा हथियार –
रायपुर – सरकारी दफ्तर में कोई फाइल कहां अटकी है? किसी योजना में कितना पैसा मंजूर हुआ और कहां खर्च हुआ? किसी काम का ठेका किसे और कितने में मिला? भर्ती, नियुक्ति, निर्माण या सरकारी फैसले से जुड़े दस्तावेज चाहिए तो नागरिक के हाथ में सूचना का अधिकार अधिनियम (RTI) एक महत्वपूर्ण कानूनी माध्यम है। लेकिन अक्सर परेशानी यहीं से शुरू होती है कि RTI में सवाल कैसे लिखा जाए, सूचना किस अधिकारी से मांगी जाए और जवाब न मिले तो आगे क्या किया जाए? इन्हीं सवालों का व्यावहारिक जवाब देने के लिए 1 अगस्त को रायपुर में सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 पर चार घंटे की विशेष निःशुल्क कार्यशाला आयोजित की जा रही है। V-KAN शाइन फ़ाउंडेशन की इस कार्यशाला में RTI लगाने से लेकर मामला सूचना आयोग तक पहुंचने की पूरी प्रक्रिया समझाई जाएगी।
सिर्फ RTI लगाना नहीं, सही तरीके से सूचना हासिल करना सीखेंगे –
कार्यशाला की खास बात यह होगी कि इसमें केवल कानून की धाराओं की चर्चा नहीं, बल्कि RTI के वास्तविक और प्रभावी इस्तेमाल पर जोर रहेगा। विषय विशेषज्ञ बताएंगे कि आवेदन में ऐसी कौन-सी गलतियां होती हैं जिनके कारण सूचना मिलने में परेशानी आती है। सही लोक सूचना अधिकारी की पहचान कैसे करें, आवेदन किस तरह तैयार करें और सरकारी रिकॉर्ड से दस्तावेज व जानकारी मांगते समय किन बातों का ध्यान रखें इन सभी पहलुओं को सरल तरीके से समझाया जाएगा।
अगर विभाग समय पर जवाब नहीं देता, अधूरी जानकारी देता है या सूचना देने से इनकार करता है, तो उसके बाद रास्ता क्या है? कार्यशाला में प्रथम अपील और द्वितीय अपील की प्रक्रिया भी विस्तार से बताई जाएगी। इसके बाद प्रकरण सूचना आयोग पहुंचे तो वहां सुनवाई और पैरवी के दौरान किन बिंदुओं को मजबूती से रखना चाहिए, इस पर भी मार्गदर्शन मिलेगा।
पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए खास तौर पर उपयोगी –
सरकारी योजनाओं, खर्च, टेंडर, निर्माण कार्य, प्रशासनिक निर्णय और सार्वजनिक संस्थाओं से जुड़े दस्तावेज हासिल करने में RTI महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए यह कार्यशाला पत्रकारों, अधिवक्ताओं, विद्यार्थियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ उन आम नागरिकों के लिए भी उपयोगी होगी, जो सरकारी व्यवस्था से किसी सूचना या दस्तावेज के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
कार्यशाला को संवादात्मक रखा गया है। यानी प्रतिभागी केवल विशेषज्ञों को सुनेंगे नहीं, बल्कि अपने सवाल और RTI से जुड़ी व्यावहारिक समस्याएं भी उनके सामने रख सकेंगे।
कार्यक्रम 1 अगस्त को शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक विमतारा (छोटा हॉल), शांति नगर, रायपुर में होगा। इसमें प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क है। आयोजक V-KAN शाइन फ़ाउंडेशन की ओर से कुणाल शुक्ला और अभिषेक प्रताप सिंह ने नागरिकों, विद्यार्थियों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से कार्यशाला में शामिल होने की अपील की है।
कार्यशाला में भाग लेने अथवा अधिक जानकारी के लिए संपर्क नंबर 9926555050 जारी किया गया है।










