भाजपा नेता अभय वर्मा पर दुष्कर्म का मामला दर्ज, गौरेला थाने में एफआईआर

भाजपा नेता अभय वर्मा पर दुष्कर्म का मामला दर्ज, गौरेला थाने में एफआईआर
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। गौरेला थाना पुलिस ने भाजपा नेता अभय वर्मा के खिलाफ एक 34 वर्षीय महिला की शिकायत पर दुष्कर्म सहित गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने एफआईआर क्रमांक 0198/2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(f) एवं धारा 332(b) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता के पति का नवंबर 2024 में निधन हो गया था, जिसके बाद वह अपने घर में अकेली रह रही थीं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 25 फरवरी 2025 की रात करीब 1 बजे अभय वर्मा उनके घर में घुस आए और उनकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि पति की मृत्यु के बाद से उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
शिकायत के आधार पर गौरेला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर के अनुसार घटना 25 फरवरी 2025 की है, जबकि मामला 31 मई 2026 को दर्ज किया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नोट: यह समाचार एफआईआर में दर्ज आरोपों पर आधारित है। आरोप अभी न्यायालय में सिद्ध नहीं हुए हैं।










