देवरघटा धान उपार्जन केन्द्र पहुंचकर किसान को माला पहनाकर कलेक्टर ने धान खरीदी कार्य का किया शुभारंभ

सक्ती। राज्य शासन की मंशा के अनुरूप जिले में 15 नवम्बर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सबसे बड़ा अभियान शुरू हो गया है। किसान हित में राज्य सरकार का लगभग ढाई महीने तक चलने वाला यह सबसे बड़ा अभियान होगा। धान खरीदी कार्य 15 नवम्बर से शुरू होकर 31 जनवरी 2026 तक चलेगी। धान खरीदी केन्द्रों से लेकर जिला कार्यालयों तक धान खरीदी से जुड़ी तमाम प्रशासनिक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। कलेक्टर सक्ती ने आज देवरघटा धान उपार्जन केन्द्र पहुँचकर धान खरीदी के कार्यों का निरीक्षण किया तथा धान उपार्जन केन्द्र देवरघटा में नारियल तोड़कर तथा धान विक्रय करने पहुंचे किसान श्री गेंद राम साहू को फूल माला पहना कर धान खरीदी कार्य का शुभारंभ किया।
धान खरीदी के शुभारंभ अवसर पर आज सक्ती विकासखण्ड डभरा अंतर्गत धान उपार्जन केंद्र देवरघटा में देवरघटा निवासी किसान श्री गेंदराम साहू पिता श्री छोटेलाल साहू आज 48 क्विंटल धान विक्रय के लिए पहुंचे, जिस पर कलेक्टर की उपस्थिति में किसान से सुव्यवस्थित रूप से धान खरीदी की गई। कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्र में लाये गए धान में नमी की मात्रा का अपनी उपस्थिति में जाँच कराया तथा धान खरीदी से जुड़े सभी अधिकारियों- कर्मचारियों को धान बेचने आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए, इसका विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी।
कलेक्टर ने शासन से प्राप्त निर्देशानुसार धान खरीदी कार्य व्यवस्थित रूप से कराए जाने के निर्देश दिए हैं। जिले के सभी उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी की जाएगी। जिले के किसानों में धान खरीदी को लेकर भारी उत्साह का माहौल है। धान खरीदी के शुभारंभ अवसर पर खाद्य अधिकारी, नोडल अधिकारी, शाखा प्रबंधक सहित अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *