अफ़सर-ए-आ’ला (रविवार की चिट्ठी – सुशांत की कलम से)

सरकारी दावों से कुर्सियों के खेल तक, पुलिस नेतृत्व से कलम की सौदेबाजी तक हर तरफ सवाल ही सवाल हैं। कहीं जवाबदेही गायब है, तो कहीं संवेदनाएं सुर्खियों में दब गई हैं। अफ़सर-ए-आ’ला की चिट्ठी बस इतना पूछती है कुर्सी हो या कलम, जवाबदेही से ऊपर कौन?

 

सरकार की फजीहत –
वाह रे साहबों का कमाल! मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि बने तो सरकारी शान, मंच पर सरकारी ब्रांडिंग और वेबसाइट पर ‘Official Government Initiative’ का तमगा। विवाद हुआ तो आयोजकों ने पल्ला झाड़ लिया यह निजी कार्यक्रम था! आयोजन छत्तीसगढ़ के निजी सितारा होटल में हुआ, दस लाख की इनामी राशि रखी गई। पुरस्कार चहेतों में बांटे गए, ओडिशा-दिल्ली से प्रतिभागी बुलाए गए और अवार्ड भी बाहरी लोगों को मिले। होटल का आलम यह कि मेहमान खाने तक को तरस गए! इधर चयन का गणित भी निराला! 30 प्रतिशत सार्वजनिक वोट और 70 प्रतिशत जूरी का आकलन। किसी को 183 वोट, किसी को 1,949, लेकिन सबको वोटिंग के पूरे 30 अंक! श्रेणियों की संख्या में भी वेबसाइट पर अलग-अलग आंकड़े। आखिर दस लाख का यह पुरस्कार गणित किसके लिए बना था? विवाद हुआ तो एजेंसी की प्रेस विज्ञप्ति गुमनाम कबूतर की तरह व्हाट्सऐप पर दबे पांव आई। जिम्मेदारी एजेंसी ने ली, खामियां भी मान लीं और फिर रातोंरात वेबसाइट गायब! सवाल सरकार से था, जवाब निजी एजेंसी दे रही थी। जनसंपर्क विभाग में भी एक तरफ आयुक्त की कमान और दूसरी तरफ गुरु-शिष्य की समानांतर पटकथा। कभी एक साहब पूरे मैदान के मालिक थे, अब खिलाड़ी बदले हैं, खेल नहीं। सलाह कहीं और से आती है और फैसले कहीं और होते हैं। साहबों की अपनी महफिल, अपने फैसले और अपनी अलग सरकार! सरकारी प्रतीक चिह्न कोई निजी विजिटिंग कार्ड नहीं और मुख्यमंत्री की मौजूदगी मनमानी का लाइसेंस नहीं। सवाल सीधा है सरकारी आयोजन था तो जवाबदेही किसकी और निजी था तो सरकारी पहचान किसकी मेहरबानी से? ब्रांडिंग साहबों की और फजीहत सरकार की वाह रे सुशासन!

घोषणापत्र का आईना
युवा आईएएस साहब का आत्मविश्वास भी गजब का है! फरमा रहे हैं कि स्थानीय घोषणापत्र जारी तो होता है, लेकिन इन ढाई सालों में उन्होंने उसे पलटकर भी नहीं देखा। अब अचानक औचक-चौचक याद आई तो पीए को बुलाकर बोले घोषणापत्र निकालो, प्रकाश नायक वाला भी निकालो। कोई ब्लेम गेम नहीं करना, उनका भी काम पूरा करना है! साहब का दावा है कि 80-90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। कमाल है! जिस घोषणापत्र को ढाई साल तक पलटकर नहीं देखा, उसका हिसाब अब हवा में ही पूरा हो गया। जनता को काम दिखाई दे या न दे, साहब को पूरा होने का पूरा कॉन्फिडेंस है। रायगढ़ में विभागीय बजट का बड़ा हिस्सा वित्त मंत्रालय की मेहरबानी से झोंके जाने के बावजूद नाराजगी सोशल मीडिया पर खुलकर दिखाई दे रही है। कोई टोपी मंत्री कह रहा है, कोई इन्फ्लुएंसर! धरमजयगढ़ में चुनावी माहौल के बीच नितिन नबीन का नहीं पहुंचना भी अपने आप में राजनीतिक संदेश दे रहा है। उधर जनता की शिकायतें हैं और इधर उपलब्धियों का हिसाब कागजों में तैयार है। अब इसे लबरई कहें या पीआर का करिश्मा! जंगल में मोर नाचा, किसने देखा? घोषणापत्र पूरा हुआ, जनता ने कब देखा? और सबसे मजेदार बात खुदे पादे, खुदे सूंघे, खुदे ही कहें कि माहौल खुशबूदार है! लगता है साहब को अब जनता की प्रतिक्रिया से ज्यादा किसी ऐसे दरबार की तलाश है, जहां कोई पीठ थपथपाकर कह दे वाह साहब, आपने तो कमाल कर दिया! साहब, घोषणापत्र पीए से निकलवाने के बजाय कभी जनता के बीच भी खुलवाइए वहां पन्ने नहीं, पांच साल के वादों का हिसाब मांगा जा रहा है।

कुर्सी का पुनर्वास –
पीएससी अध्यक्ष की कुर्सी महीनों से खाली है, लेकिन नियुक्ति से पहले ही महादेव कांवरे का नाम मीडिया में तैरने लगा, मानो ताजपोशी की कहानी पहले ही लिख दी गई हो। दो नामों का पैनल राजभवन भेजे जाने और कांवरे के नाम पर सहमति की खबरों ने सवाल खड़े कर दिए हैं। सितंबर 2023 में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांवरे आबकारी विभाग के विशेष सचिव, आबकारी आयुक्त और शराब मार्केटिंग कॉर्पोरेशन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उसी दौर के शराब घोटाले की जांच सीबीआई, ईडी और ईओडब्ल्यू कर रही हैं। चुनाव के दौरान आबकारी व्यवस्था को लेकर निर्वाचन आयोग में शिकायत भी हुई थी। अब सवाल है कि उस शिकायत पर क्या कार्रवाई हुई और विभागीय निगरानी की जवाबदेही किसने निभाई? अब उसी अधिकारी को विवादों से घिरे पीएससी की कमान देने की चर्चा है। ऊपर से 62 वर्ष की आयु सीमा के चलते संभावित कार्यकाल महज डेढ़ साल का है। इतने कम समय में आयोग की साख और परीक्षा व्यवस्था कैसे सुधरेगी। पीएससी की कुर्सी रिटायरमेंट के बाद पुनर्वास का ठिकाना नहीं, लाखों युवाओं के भविष्य की जिम्मेदारी है। सरकार को अधिकारी का अगला पड़ाव तय करना है या आयोग का भरोसा लौटाना है?

कप्तानों की कुर्सी –
छत्तीसगढ़ पुलिस में कुर्सियों का भी अपना कुनबा है। कुछ कुर्सियां ऐसी हैं, जिन पर बैठने वाले अफसरों के सितारे बढ़ते जाते हैं, मगर कुर्सी छोड़ने का वक्त नहीं आता। विजय अग्रवाल, रजनेश सिंह और शशिमोहन सिंह डीआईजी हो गए, लेकिन जिलों की कप्तानी अब भी उन्हीं के हिस्से में है। बिलासपुर में रजनेश सिंह एसएसपी हैं। दूसरी तरफ 2021 बैच के अमन झा, अजय कुमार, आकाश श्रीमाल, अक्षय सबद्रा, आकाश शुक्ला और रविंद्र कुमार मीणा जैसे युवा आईपीएस बस्तर की कठिन जमीन नापकर पीएचक्यू की फाइलों में पहुंच गए। कमिश्नरेट में डीसीपी बने युवाओं को भी वहां जमने का मौका नहीं मिला। लगता है पुलिस महकमे में अनुभव का प्रमाणपत्र तो मैदान से मिलता है, लेकिन अगली कुर्सी का रास्ता मुख्यालय तय करता है। सवाल यह है कि जब पुराने कप्तानों को कुर्सी से मोह और नए कप्तानों को मैदान से दूरी रहेगी, तो नेतृत्व की अगली फसल उगेगी कहां? आखिर पुलिस में कप्तानी कोई खानदानी जागीर तो नहीं कि कुर्सी पर चेहरे बदलें, लेकिन पीढ़ी न बदले!

सुपारी की स्याही –
टंडन फाइल्स में क्या हकीकत है, क्या कल्पना और क्या किसी की गढ़ी पटकथा, यह पुलिस की जांच तय करेगी। लेकिन मामले में कुछ कलमकार और उनका काला सच भी बाजार में तैर रहा है। एक जनाब हैं, जिनकी वैभवशाली शादी के पीछे तत्कालीन सुपर सीएम की मेहरबानी के किस्से आज भी पुराने नहीं हुए। वक्त बदला तो गले में छत्तीसगढ़िया गमछा आ गया। अब अस्मिता का पाठ पढ़ाते हुए एक ऐसे कारोबारी की नुमाइंदगी की जा रही है जो गुटखा तम्बाखू के गोरखधंधे से लेकर मीडिया की आड़ में ओडिशा से महासमुंद के रास्ते नगदी का जखीरा ट्रांसफर करता है। वही काले कारनामे उजागर न हो इसलिए राम की आड़ में लोगो को लल्लू बना रहा है। हरा रंग भी उस दौर के किस्से की हकीकत है। दूसरे साहब हैं, जिनके अतीत में अपनी ही कनिष्ठ के साथ रंगे हाथों पकड़े जाने के करिश्मे दर्ज है। उस करिश्माई पीड़ा का दर्द खुलेआम फेसबूक में झलक रहा था मतलब यह साहब खुलेआम सहकर्मियों को निशाना बनाते है। इनके कुछ पुराने पन्ने है वह जल्दी ही फिलहाल इसमे एक क्राइम रिपोर्टर साहब भी हैं, जिनकी खबरों का खेल ट्रांसफर-पोस्टिंग से शुरू होकर एप्पल फोन की मांग तक पहुंचता है। एक महिला अधिकारी से फ्लैट के नाम पर 11 लाख रुपये मांगने का किस्सा (स्क्रीन शॉट) भी है। कई आईपीएस, एएसपी और डीएसपी इनके तौर-तरीकों के घेरे में आ चुके हैं। मामला सिर्फ फोन तक सीमित नहीं, रायपुर पुलिस लाइन की गाड़ियों के ठेके और मैनेजमेंट में भी इनके हित शामिल है। अंग्रेजी अखबार और अंग्रेजी के शौक के बीच इनकी पत्रकारिता के कारोबारी किस्से भी खूब सुने जाते हैं! अब इन अलग-अलग चेहरों के पीछे पटकथा का सूत्रधार कोई और है। चंद टुकड़ों के बदले किसी की कलम चलती है, किसी की जुबान खुलती है और किसी के खिलाफ शिकायतों का पुलिंदा तैयार होता है। किरदार बदलते हैं, निशाना बदलता है, लेकिन पटकथा एक ही रहती है। ये कलमकार हैं या किसी के कारोबारी और निजी हितों के मोहरे? टंडन फाइल्स का सच जांच से निकलेगा, लेकिन इन कलमों की निष्पक्षता का हिसाब भी कभी तो होना चाहिए। क्योंकि कलम की स्याही से इतिहास लिखा जाता है, किसी की सुपारी नहीं!

शहनाई के बीच सुर्खियों का शोर –
बेटी की शादी हर पिता के लिए सिर्फ एक आयोजन नहीं, जिंदगी का भावुक पड़ाव होती है। महीनों की तैयारी, घर में खुशियों का माहौल, रिश्तेदारों की रौनक और फिर वह घड़ी, जब पिता अपनी लाड़ली को विदा करता है। लेकिन जंगल महकमे के एक बड़े साहब के घर यह मौका कुछ अलग ही सुर्खियां बटोर ले गया। शादी से ज्यादा चर्चा कथित सरकारी ड्यूटी चार्ट और वायरल स्क्रीनशॉट की होने लगी। खबरों का बाजार गर्म हुआ, सवाल उठे और सफाई का दौर भी चला। जरा उस दृश्य की कल्पना कीजिए। एक तरफ घर में बेटी की विदाई की तैयारियां और दूसरी तरफ मोबाइल की स्क्रीन पर सुर्खियां, सवाल और सफाइयां। जिस पिता को उस वक्त बेटी के साथ बिताए आखिरी पलों को सहेजना था, उसे अपने पद और प्रतिष्ठा से जुड़े सवालों के बीच भी खड़ा होना पड़ा होगा। सरकारी अमले के निजी आयोजनों में इस्तेमाल का सवाल अपनी जगह है, उसकी पड़ताल भी होनी चाहिए। लेकिन क्या हर सवाल को उठाने का कोई सलीका नहीं होता? क्या खबर की गंभीरता संवेदनशीलता से बड़ी हो जानी चाहिए? पत्रकारिता का काम परतें खोलना है, किसी के निजी जीवन के सबसे भावुक क्षणों को शोर में डुबो देना नहीं। आखिर हम किस दौर की कलमकारी कर रहे हैं? जहां खबर तो बन जाती है, मगर कभी-कभी इंसान पीछे छूट जाता है। शहनाई थम गई, बिटिया विदा हो गई, लेकिन उस घर में सुर्खियों का जो शोर पहुंचा, उसकी गूंज शायद इतनी जल्दी नहीं थमेगी।

यक्ष प्रश्न –

1 – माननीय उच्च न्यायालय की टिप्पणी के बाद क्या आगामी पांच दिनों में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग को नया अध्यक्ष मिल पाएगा? या नियुक्ति की फाइल अभी और इंतजार कराएगी?

2 – टंडन फाइल का डर आखिर कब तक लोगों को दिखाया जाएगा? कब इसके ठोस तथ्य सामने आएंगे? और तब तक इसी फाइल की आड़ में कितने लोगों की ब्लैकमेलिंग हो चुकी होगी?

3 – टंडन फाइल में सबसे ज्यादा मजा किस आईपीएस को आ रहा है? और आखिर वह किसकी खुशामदीद में लीन हैं?

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *