बीजापुर जिला अस्पताल को नए भवन और नए सेटअप की सौगात बहुत जल्द – स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल

00 आईसीयू में 10 बेड सहित दो डायलिसिस मशीन की स्वीकृति
00 मरीजों एवं उनके परिजनों से मिलकर स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा
बीजापुर। एक दिवसीय प्रवास पर बीजापुर पहुंचे छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बीजापुर जिला अस्पताल का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न वार्डों में पहुंचकर मरीजों एवं उनके परिजनों से मिलकर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।

स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर एक दिवसीय प्रवास पर बीजापुर पहुंचकर स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने दो छात्राओं की मौत के कारणों की जांच कराने की बात कही तथा भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृति न हो इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। श्री जायसवाल ने डॉक्टरों को बेहतर ईलाज के निर्देश देते हुए जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों का मलेरिया जांच अनिवार्य रूप से करने और मलेरिया पॉजिटिव्ह बच्चों के माता-पिता का भी मलेरिया जांच करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल
श्री जायसवाल ने इस दौरान सभी मरीजों से बारी-बारी मिलकर उनके ईलाज संबंधी जानकारी ली और बेहतर से बेहतर ईलाज करने के निर्देश दिए। उन्होंने आईसीयू में बेड की कमी को देखते हुए तत्काल 10 बेड सहित दो डायलिसिस मशीनों की स्वीकृति दी एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए जिला अस्पताल के लिए सर्वसुविधायुक्त नया भवन, नए सेटअप के लिए जल्द ही स्वीकृत करने की बात कही।
इस दौरान पूर्व मंत्री श्री महेश गागड़ा, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य श्री मनोज कुमार पिंगुआ, स्वास्थ्य संचालक श्री ऋतुराज रघुवंशी, मिशन संचालक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन श्री जगदीश सोनकर, कलेक्टर श्री अनुराग पाण्डेय, सीईओ जिला पंचायत श्री हेमंत रमेश नंदनवार एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *