तीसरे दिन भी ग्राम पंचायत कार्यालयों एवं नगरीय निकायों में आवेदकों का उमड़ा हुजूम

बालोद। जिलेे के प्रभारी सचिव एवं आवास तथा पर्यावरण विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद ने आज बुधवारी बाजार बालोद स्थित गांधी भवन एवं जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में पहुँचकर सुशासन तिहार के कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों से अब तक प्राप्त कुल आवेदनों के संबंध में जानकारी ली। इस मौके पर प्रभारी सचिव श्री अंकित आनंद एवं कलेक्टर श्री इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने पंजी का अवलोकन कर आवेदन पत्रों के स्वरूप के संबंध में भी जानकारी ली। प्रभारी सचिव श्री अंकित आनंद ने सुशासन तिहार के पहले चरण के अंतर्गत बालोद जिले में ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकायों में आवेदन प्राप्त करने हेतु निर्धारित स्थानों के माध्यम से अपने मांगों एवं समस्याओं के निराकरण हेतु आम जनता से बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त होने पर जिला प्रशासन की व्यवस्था की सराहना भी की। श्री आनंद ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा अल्पावधि में ही आम जनता तक सुशासन तिहार के उद्देश्यों एवं कार्यों की जानकारी सही तरीके से पहुँचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया गया है जो कि बहुत ही सराहनीय है। श्री आनंद ने कहा कि ये सभी व्यवस्थाएं व्यापक प्रचार-प्रसार से ही संभव हो पाया है।
उल्लेखनीय है कि सुशासन तिहार के प्रति बालोद जिले के नागरिकों में निरंतर उत्सुकता बढ़ती जा रही है। आज तीसरे दिन भी ग्राम पंचायत मुख्यालयों के अलावा जिले के सभी नगरीय निकायों में आम नागरिकों से आवेदन प्राप्त करने हेतु निर्धारित किए गए स्थानों पर पहुँचकर बड़ी संख्या में लोगों ने अपने मांगों एवं समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। पिछले दो दिनों की भाँति आज तीसरे दिन भी जिले में आवेदन प्राप्त करने हेतु निर्धारित किए गए स्थानों पर आवेदकों का हुजूम उमड़ पड़ा। इस मौके पर नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चैधरी, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री कमलेश सोनी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे एवं अपर कलेक्टर श्री नूतन कंवर सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
प्रभारी सचिव श्री आनंद बालोद जिले में आज अपने प्रवास के दौरान सर्वप्रथम बुधवारी बाजार बालोद के गांधी भवन में पहुँचकर सुशासन तिहार के पहले चरण के कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान प्रभारी सचिव एवं कलेक्टर ने पंजी का अवलोकन कर अब तक कुल प्राप्त आवेदनों के संबंध में जानकारी ली। इस मौके पर प्रभारी सचिव श्री आनंद ने मौके पर उपस्थित जन प्रतिनिधियों, आम जनों और अपने मांगों एवं समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन करने पहुँचे लोगों से बातचीत कर सुशासन तिहार के संबंध में जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने सुशासन तिहार के उद्देश्यों के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि सुशासन तिहार के अंतर्गत राशन कार्ड बनाने एवं पानी की प्रबंध आदि के संबंध में आम जनता से प्राप्त आवेदन पत्रों का परीक्षण कर दूसरे चरण के दौरान पात्रतानुसार इसका तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके पश्चात प्रभारी सचिव श्री अंकित आनंद, कलेक्टर श्री इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल एवं आला अधिकारियों के साथ जिला मुख्यालय बालोद के समीपस्थ ग्राम झलमला के ग्राम पंचायत कार्यालय में पहुँचकर सुशासन तिहार के कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों से बातचीत कर उनके द्वारा आज प्रस्तुत किए गए आवेदन पत्रों एवं अन्य आवश्यक विषयों के संबंध में बातचीत की। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों को सुशासन तिहार के उद्देश्यों के संबंध में जानकारी देते हुए आशा व्यक्त किया कि पहले चरण के अंतर्गत आम जनता के द्वारा प्रस्तुत किए गए आवेदनों का समुचित निराकरण हो सकेगा।
इस दौरान प्रभारी सचिव श्री अंकित आनंद एवं कलेक्टर श्री इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने अधिकारियों के साथ बालोद विकासखण्ड के ग्राम पंचायत कार्यालय उमरादाह, पड़कीभाट, लाटाबोड़ का भी अवलोकन कर सुशासन तिहार के पहले चरण के कार्यों का अवलोकन किया। प्रभारी सचिव एवं कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों से उनके द्वारा प्रस्तुत किए गए आवेदनों के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, सामाजिक पेंशन के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। प्रभारी सचिव श्री अंकित आनंद ने कहा कि 10 एवं 15 ग्राम पंचायतों का कलस्टर बनाकर समाधान शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदन पत्रों का परीक्षण कर पात्रतानुसार आम जनता के आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। प्रभारी सचिव श्री आनंद ने सुशासन तिहार के पहले चरण के शेष दिनों में भी आम जनता से अपने मांगों एवं समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत करने से वंचित न रह जाए इसके लिए उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को इसका अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने को कहा। उन्होंने मौके पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों को भी इस कार्य में सहभागी बनने को कहा। इस दौरान ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंच एवं जनप्रतिनिधियों के अलावा ड्यूटी में तैनात अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *