नियद नेल्लानार योजना ने बदली अंदरूनी गांवों की तस्वीर, आजादी के बाद पहली बार पहुंचा राशन

बीजापुर। जिले के ग्राम पंचायत कोण्डापल्ली के 160 कार्डधारी एंव भट्टीगुडा के कार्डधारियों को उनके मूल पंचायत में आजादी के बाद पहली बार राशन पंहुचाकर वितरण प्रारंभ किया गया। कलेक्टर संबित मिश्रा के निर्देश पर राहत शिविरों में संचालित उचित मूल्य दुकानों को मूल पंचायत में संचालन के तहत जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र उसूर के ग्राम पंचायत कोण्डापल्ली में विगत 25 वर्षों से अन्यत्र संचालित राशन दुकान को मूल पंचायत में संचालित कर कार्डधारी उपभोक्ताओं को राशन का वितरण किया जा रहा है। पहले सडक मार्ग की सुविधा नही हाने से कार्डधारियों को पैदल 20 से 25 किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। लेकिन नियद नेल्लानार योजना के तहत नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ शासन की अति महत्वपूर्ण योजना पीडीएस का लाभ अब उनके गांव में मिल रहा है। कोण्डापल्ली के मूल पंचायत में आजादी के बाद पहली बार राशन मिलना संभव हो पाया। वर्तमान में कंटेनर में राशन भंडारण कर वितरण प्रारंभ कर दिया गया है।
बीजापुर कलेक्टर संबित मिश्रा ने ऐसे गांव जो 3 किलोमीटर की दूरी पर हो एवं कार्डधारियों को राशन लेने में परेशानी का सामना करना पड़ता है, ऐसे स्थानों का चिन्हाकंन कर नये दुकान खोलने के निर्देश दिए थे। खाद्य विभाग द्वारा अंदरूनी क्षेत्र के कुल 15 नये दुकान पुसकोंटा, पेरमपल्ली, एटेपाल, कोयाईटपाल, मुकरम, कोतापाल, अन्नारम, मीनूर, कांवडगाव, पालनार, पेदागेल्लूर, धरमारम, चुटवाही, पाकेला व यमपुर जैसे अतिसंवेदनशील क्षेत्र में उचित मूल्य दुकान प्रारंभ कर ग्रामीणों को उनके मूल पंचायत से राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रशासन की त्वरित पहल पर उन ग्रामों में गोदाम निर्माण का कार्य प्रारंभ किया गया है। कार्डधारी उपभोक्ता एवं ग्रामीण मूल पंचायत से राशन मिलने से प्रसन्न है।
बीजापुर कलेक्टर संबित मिश्रा ने बताया कि नियद नेल्ल्लानर के तहत अदरूंनी ग्राम कांवडगाव, मुदवेंडी, डुमरीपालनार, कोरचोली, तोड़का, इडेनार, करका, दुगेली, हिरमागुण्डा, पोर्रोवाड़ा, पालनार, पेदागेल्लूर, धरमारम, चुटवाही, पाकेला, यमपुर, एवं कोंडापल्ली, भटटीगुड़ा, जीडपल्ली के ग्रामीणों का नवीन राशन कार्ड तैयार कर राशन सामग्री उपलब्ध कराया जा रहा है। नियद नेल्लानार योजना के तहत् अब तक 856 परिवारों का नवीन राशन कार्ड जारी कर वितरण किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *