नक्सलियों ने लोगों से भाजपा के सदस्यता अभियान से दूरी बनाने व भाजपा के 2 नेताओं को पार्टी छोडऩे का जारी किया फरमान

बीजापुर। नक्सलियों के मद्देड़ एरिया कमेटी ने एक पर्चा जारी कर भाजपा के भोपालपटनम मंडल अध्यक्ष यामल वेंकटेश्वर और उनके सहयोगी बिलाल खान को पार्टी छोडऩे का फरमान जारी किया है। जारी पर्चा में नक्सलियों ने आरोप लगाया है कि ये भाजपा नेता यामल वेंकटेश्वर और बिलाल खान गांव- गांव में भाजपा की सदस्यता को बढ़ाकर संगठन को मजबूत कर रहे हैं और इस प्रक्रिया में स्थानीय लोगों से अवैध वसूली कर रहे हैं। नक्सलियों ने दोनो भाजपा नेता पर पटनम के आस-पास के आश्रम और पोटाकेबिन के अधीक्षकों से 20 से 30 हजार रुपए वसूली करने और पैसा नही देने पर धमकी देने का भी लगाया आरोप लगाया।
नक्सलियों द्वारा जारी पर्चा में यालम वेंकेटेश्वर और बिलाल खान को भाजपा छोडऩे की चेतावनी देते हुए उन्हें अच्छी और शांतिपूर्ण जिंदगी जीने की सलाह दी है, वहीं नक्सलियों ने लोगों से भाजपा के सदस्यता अभियान से दूरी बनाने कहा गया है। विदित हो कि नक्सलियों की यह धमकी हाल में हुए नक्सल ऑपरेशन में बड़ी संख्या में नक्सलियों के मारे जाने के बाद भाजपा के ग्रामीण क्षेत्रों में जनाधार को कमजोर करने के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा की ओर से अभी तक इस धमकी पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि सुरक्षा बलों ने इस क्षेत्र में नक्सलियों की गतिविधियों को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।