नेशनल पार्क मुठभेड़ में मारे गये नक्सली की शिनाख्त रसोई सहायक के रूप में हुई

बीजापुर। नेशनल पार्क क्षेत्र में जून 2025 के पहले पखवाड़े में अभियान के दौरान 5 जून की सुबह नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर अंधाधुंध गोलीबारी की। जवाबी कार्रवाई के परिणाम स्वरूप मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने सीसीएम कैडर के नक्सली गौतम ऊर्फ सुधाकर का शव और एक एके-47 रायफल बरामद की गई, 6 जून को नक्सलियों के साथ हुए मुठभेड़ में तेलंगाना स्टेट कमेटी सदस्य एसजेडसी कैडर के नक्सली भास्कर राव सहित 4 नक्सली एवं 7 जून को 2 नक्सलियों को ढेर किया गया था। बरामद शवों में मारे गये कुल 7 नक्सलियों में से 5 नक्सलियों की शिनाख्त कर ली गई थी। इसके साथ ही दो नक्सलियों की शिनाख्त नही हुई जिसमें 1 अज्ञात महिला नक्सली उम्र लगभग 50 वर्ष एवं 1 अज्ञात पुरूष नक्सली का शव उम्र लगभग 35 वर्ष था। इसमें से एक पुरूष नक्सली की शिनाख्त महेश कोडियम निवासी ग्राम इरपागुट्टा थाना फरसेगढ़ के रूप में की गई है। वह नेशनल पार्क क्षेत्र का नक्सली संगठन का सदस्य था। इसके साथ ही महेश कोडियम ग्राम इरपागुट्टा के प्राथमिक विद्यालय में रसोई सहायक के रूप में कार्यरत था ।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृत महेश कोडियम के शव का पंचनामा किए जाने के दौरान यह तथ्य सामने आया कि वह नेशनल पार्क क्षेत्र का नक्सली संगठन का सदस्य था। इसके साथ ही महेश कोडियम ग्राम इरपागुट्टा के प्राथमिक विद्यालय इरपागुट्टा में रसोई सहायक के रूप में कार्यरत था। उसका चयन गांव के विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा किया गया था, और मार्च 2025 तक उसे इस कार्य के लिए भुगतान किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार यह अभी जांच का विषय है कि महेश कोडियम किन परिस्थितियों में केंद्रीय समिति सदस्य गौतम, राज्य समिति सदस्य भास्कर जैसे शीर्ष नक्सली कैडर के संपर्क में आया। इस पूरे मामले की हर पहलू से गंभीर, निष्पक्ष और पेशेवर तरीके से जांच की जा रही है।
बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन से प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से जुड़े सभी व्यक्तियों से अपील करते हुए कहा कि वे इस प्रतिबंधित और अवैध नक्सली संगठन से तत्काल संबंध विच्छेद करें । नक्सली संगठन से जुड़ाव न केवल समाज और क्षेत्र की सुरक्षा के लिए खतरा है, बल्कि स्वयं संबंधित व्यक्ति के जीवन और भविष्य के लिए भी घातक सिद्ध हो सकता है ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *