पोहा-मुरमुरा पर जीएसटी और मंडी शुल्क में राहत देने की मांग

राजनांदगांव। राजनांदगांव व्यापारियों और कृषकों के प्रतिनिधि मंडल ने विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से मुलाकात कर पोहा-मुरमुरा पर जीएसटी और मंडी शुल्क में राहत देने की मांग की। प्रतिनिधियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान बन चुके इन उत्पादों को कर छूट मिलने से किसानों, व्यापारियों और उपभोक्ताओं—सभी को सीधा लाभ होगा। साथ ही “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” जैसे अभियानों को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अपील का हवाला देते हुए कहा कि घरेलू उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए पोहा-मुरमुरा पर कर राहत आवश्यक है। इससे किसानों को धान का बेहतर मूल्य मिलेगा और उपभोक्ताओं को सस्ते दाम पर उच्च गुणवत्ता का पोहा-मुरमुरा उपलब्ध होगा।
प्रतिनिधि मंडल में कैट परिवार के प्रदेश संरक्षक अनिल बरडिय़ा, जिलाध्यक्ष राजू डागा, कृषक कोमल सिंह राजपूत, संतोष अग्रवाल समेत कई व्यापारी, उद्योगपति और किसान शामिल थे। उन्होंने याद दिलाया कि डॉ. रमन सिंह के मुख्यमंत्री कार्यकाल में पोहा-मुरमुरा पर मंडी शुल्क से छूट दी गई थी, जिससे राज्य के साथ देश-विदेश में भी इन उत्पादों की पहचान बनी।
अब जीएसटी व मंडी शुल्क में राहत मिलने पर यह उद्योग और मजबूत होगा तथा किसानों, व्यापारियों और उपभोक्ताओं सभी को समान रूप से लाभ मिलेगा। प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि डॉ. सिंह की पहल से यह मांग शासन स्तर पर पहुंचेगी और प्रदेश हित में सकारात्मक निर्णय होगा। उक्त जानकारी कैट के मीडिया प्रभारी लक्ष्मण लोहिया द्वारा दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *