मैनपाट के टाइगर पाइंट के झोपड़ीनुमा दुकानों में लगी भीषण आग, एक दर्जन दुकानें जलकर हुईं खाक

अंबिकापुर। पर्यटन स्थल मैनपाट के टाइगर पाइंट स्थित झोपड़ीनुमा दुकानों में शुक्रवार की रात में आग लग गई और देखते ही देखते एक दर्जन से अधिक दुकानें जलकर राख हो गई। आग नजदीक के जंगल तक पहुंच गई थी लेकिन आग के विकराल रुप लेने से पहले इस पर काबू का लिया गया।
मैनपाट के पर्यटन स्थल टाइगर पाइंट में सैलानियों की जुटने वाली भीड़ को देखते हुए स्थानीय लोगों द्वारा उनकी जरूरतों की पूर्ति के लिए झोपड़ीनुमा दुकानें खोली गई थी। इन दुकानों में सैलानियों के लिए खाने पीने के सामानों की बिक्री की जाती थी। कुछ में होटल भी संचालित की जाती थी। होली पर्व की रात लगभग 12 बजे अचानक इनमें आग लग गई। लकड़ी से तैयार झोपडिय़ों में लगी आग तेजी से फैली और एक-एक कर सभी दुकानें जलकर राख हो गई। आग लगने की सूचना पर दुकानदारों के साथ स्थानीय लोग और कमलेश्वरपुर थाने से पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई थी लेकिन खड़े होकर देखने के अलावा कोई उपाय नहीं था। झोपड़ीनुमा दुकानों में लगी आग जंगल तक पहुंच गई थी। बाद में इसे नियंत्रित किया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना में राजाराम यादव, अनिल यादव, जमुना यादव, कैलाश यादव, बिंदा यादव, सुमेद यादव, गोस्वामी यादव, सोनु यादव, शिवकुमार यादव की दुकानें जल गई हैं। होली के दिन असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है। दुकानदारों द्वारा नए सिरे से झोपडिय़ों को तैयार करना होगा, उसके बाद ही सैलानियों को यहां खाने की सामग्री मिल सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *