प्राचीन टांकेश्वर महादेव घाट पर माघी पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी

कांकेर। जिले के चारामा विकासखंड के ग्राम टंहाकापार स्थित महानदी तट के प्राचीन टांकेश्वर महादेव घाट पर माघी पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दूर-दराज के गांवों से सैकड़ों भक्त यहां पहुंचे और महानदी में पवित्र स्नान कर भगवान टांकेश्वर महादेव के शिवलिंग की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।सुबह से ही घाट क्षेत्र में भक्तों का तांता लगा रहा। पूजा-पाठ, मंत्रोच्चार और धार्मिक उल्लास से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने महानदी में स्नान के बाद भगवान शिव से सुख, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
माघी पूर्णिमा पर लगभग 30 से 35 किलोमीटर दूर के क्षेत्रों से श्रद्धालु टांकेश्वर महादेव तट पर पहुंचे। इस अवसर पर आस-पास के गांवों के देवी-देवताओं को भी पारंपरिक रूप से यहां लाया गया, जिससे धार्मिक आस्था और अधिक गहरी हुई। स्थानीय ग्रामीणों और बुजुर्गों के अनुसार, टांकेश्वर महादेव का इतिहास अत्यंत प्राचीन है। मान्यता है कि यहां स्थापित शिवलिंग और नंदी स्वयं धारा से प्रकट हुए थे। कांकेर रियासत काल में भी राजा-महाराजा यहां दर्शन और पूजा के लिए आते थे। यह स्थल आज भी शिवभक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। टांकेश्वर महादेव घाट का आदिवासी समाज से भी गहरा जुड़ाव है। यहां ध्रुव गोंड समाज का जिला कार्यालय स्थित है। महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां पारंपरिक मेला भी लगता है, जिसमें सैकड़ों जोड़े विवाह बंधन में बंधते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *