बीजापुर में 2 व सुकमा में 12 नक्सली ढेर

बीजापुर/सुकमा। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले एवं सुकमा जिले में शनिवार सुबह हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 14 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुकमा के किस्टाराम इलाके में 12 और बीजापुर में 2 नक्सली मारे गए हैं। सभी के शव के साथ मुठभेड़ स्थल से बड़ी मात्रा में एके 47, इंसास, एसएलआर रायफल जैसे हथियारों भी बरामद की गई। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और दोनों ओर से रुक-रुककर फायरिंग हो रही है।
बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि बीजापुर एवं सुकमा जिलों के दक्षिणी क्षेत्रों में सशस्त्र नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों द्वारा सर्च ऑपरेशन प्रारंभ किया गया। अभियान के तहत दक्षिण बस्तर क्षेत्र में डीआरजी की टीमें रवाना की गई थीं। ऑपरेशन के दौरान बीजापुर जिले में सुबह लगभग 5 बजे से डीआरजी और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ जारी है, वहीं सुकमा जिले में भी सुबह लगभग 8 बजे सुरक्षा बलों एवं नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग की स्थिति बनी हुई है। अब तक सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ स्थलों से कुल 14 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं, जिनमें बीजापुर जिले से 2 तथा सुकमा जिले से 12 नक्सली शामिल हैं।
बस्तर आईजी ने कहा कि चूंकि अभियान अभी भी जारी है, इसलिए मुठभेड़ के सटीक स्थान, ऑपरेशन में शामिल सुरक्षाबलों की संख्या तथा अन्य संवेदनशील जानकारियां इस समय साझा नहीं की जा सकती । ऑपरेशन पूर्ण होने के पश्चात अभियान से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं परिणाम पृथक से साझा किए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *