एक ही परिवार के पांच लोगों ने खाया जहर, तीन बच्चों की मौत

कांकेर। चंद्रपुर ग्राम पंचायत के ‘परलकोट विलेज-70’ में एक ही परिवार के पांच लोगों ने जहर खा लिया जिससे तीन बच्चों की मौत हो गई है तथा दंपति गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। प्रथम दृष्टया आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होना पाया गया है, लेकिन फिर भी पुलिस जांच में जुटी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार रात परतापुर थाना क्षेत्र में चंद्रपुर ग्राम पंचायत के ‘परलकोट विलेज-70’ की है जहां गांव के निवासी देवेंद्र बैरागी (36) ने खाने में जहर मिलाकर अपने बच्चों दीप्ती बैरागी (12), जुतिका बैरागी (नौ) और देवराज बैरागी (छह) को खिला दिया। इसके बाद बैरागी और उसकी पत्नी ने भी जहर खा लिया। तीनों बच्चों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है तथा पति-पत्नी को गंभीर हालत में पंखाजूर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची और घटनास्थल पर लिए गए फोटो में देखा जा सकता है कि घर में जमीन पर बिछे एक बिस्तर पर तीन बच्चों के शव हैं तथा शवों के करीब थालियों में भोजन परोसा हुआ है। शुरुआती जांच के अनुसार परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। संभवत: इसी वजह से परिवार ने यह कदम उठाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *