कलेक्टर तथा एसएसपी ने आमजनों से किया संवाद, जनकल्याणकारी योजनाओं से जुडऩे का किया आग्रह

रायपुर। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में शहर की विभिन्न सोसाइटियों से आए नागरिकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य आम जनता को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोडऩा और उनके सुझावों को सुनना था।
कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का एकमात्र राज्य है जहां आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत राज्य सरकार ने सभी नागरिकों को आयुष्मान कार्ड की सुविधा दी है। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए “आयुष्मान वय वंदना कार्ड” के माध्यम से 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों को 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जिनका आयुष्मान कार्ड नहीं बना है, वे जल्द से जल्द बनवाएं, प्रशासन इस कार्य में हरसंभव सहायता करेगा।
डॉ. सिंह ने नागरिकों से सोसाइटी स्तर पर पहल करने का आग्रह किया, जिससे विभिन्न सेवाएं जैसे आयुष्मान कार्ड, आधार अपडेट, लर्निंग लाइसेंस, एचएसआरपी नंबर, आंख व दांतों की जांच और एआई आधारित टीबी जांच जैसी सुविधाएं उन्हें उनकी निर्धारित जगह पर उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कहा, “आप जगह तय करें, प्रशासन आपके पास पहुंचकर दस्तावेज़ बनाएगा।”
बैठक में ट्रैफिक नियमों को लेकर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने कहा कि हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना चाहिए तथा ओवरस्पीड और सिग्नल जंप से बचना जरूरी है, क्योंकि ये नियम आपकी सुरक्षा के लिए हैं। उन्होंने सोसाइटीवासियों से अनुरोध किया कि वे अपने आस-पास, घर के कर्मचारियों और रिश्तेदारों को भी इन नियमों के पालन के लिए प्रोत्साहित करें।










