तेज रफ्तार अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराकर पलटी, किसी को खरोंच तक नहीं आई

कोंडागांव। जिला मुख्यालय कोंडागांव में नेताम हॉस्पिटल के सामने शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि 1 बजे तेज रफ्तार अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर पलट गई। लेकिन इस हादसे में जो हुआ उसे स्थानीय लोग किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं। कार की हालत देखकर हर कोई अनहोनी की आशंका जता रहा था, लेकिन आश्चर्यजनक रूप से कार सवार दोनों युवकों को एक भी खरोंच तक नहीं आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टोयोटा कार क्रमांक सीजी-27-एन-7850 पुलिस लाइन की ओर से बस स्टैंड की तरफ जा रही थी। नेताम हॉस्पिटल के सामने अचानक कार डिवाइडर से टकराई और अनियंत्रित होकर पलट गई।
मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार पुलिस लाइन में पदस्थ एक पुलिस कर्मी की बताई जा रही है। वहीं कार में सवार दोनों युवक शराब के नशे में धुत्त बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत सिटी कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में लिया। स्थानीय नागरिकों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को बीच सड़क से हटाकर साइड में लगाया गया, जिसके बाद आवागमन पुन: सुचारू हो सका। भयावह हादसे में नशे की हालत में होने के बावजूद दोनों युवकों का सुरक्षित बच निकलना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *