बस्तर से राजधानी की परिक्रमा और अब बालोद की बारी! अभिषेक माहेश्वरी की नई पोस्टिंग ने फिर खोली पुराने ‘मुनीम सिस्टम’ की फाइल
महादेव सट्टा से लेकर मौखिक आदेशों तक कई सवालों में रहा नाम, 35 लाख महीने के लेन-देन का ED की अभियोजन शिकायत में दर्ज बयानों में जिक्र, अब राजधानी के करीब नई तैनाती

रायपुर – छत्तीसगढ़ पुलिस में 33 अधिकारियों की नई तबादला सूची जारी हुई तो ज्यादातर नाम सामान्य प्रशासनिक फेरबदल का हिस्सा नजर आए, लेकिन एक नाम ने पुरानी फाइलों की धूल फिर उड़ा दी। नाम है अभिषेक माहेश्वरी का नारायणपुर की 16वीं वाहिनी में उप सेनानी की जिम्मेदारी संभाल रहे माहेश्वरी को अब बालोद की 21वीं वाहिनी में भेजा गया है। बस्तर के नक्सल प्रभावित इलाकों से लेकर राजधानी तक अपनी मौजूदगी दर्ज कराने वाले इस अधिकारी की नई पोस्टिंग ने एक बार फिर पुलिस महकमे के पुराने रसूखदार नेटवर्क की चर्चा तेज कर दी है।
बालोद की पोस्टिंग को महज एक जिला बदलने का मामला समझना जल्दबाजी होगी। क्योंकि माहेश्वरी का पिछला पदस्थापना इतिहास अपने आप में कई सवाल समेटे हुए है। जगरगुंडा जैसे संवेदनशील इलाके में तैनाती के बावजूद लंबे समय तक राजधानी में मौजूदगी, मौखिक आदेशों से कामकाज और महादेव सट्टा मामले में जांच एजेंसियों की कार्रवाई तक, इस नाम के साथ कई प्रसंग जुड़ते रहे हैं। अब नारायणपुर से बालोद पहुंचने के बाद राजधानी से उनकी दूरी भी पहले के मुकाबले कम हो गई है। गलियारों में इसे पुरानी लॉबी की वापसी से जोड़कर देखा जा रहा है।
डीजीपी की कुर्सी कोई भी संभाले, चर्चा इस साहब की चलती थी!
पिछली सरकार के दौरान अभिषेक माहेश्वरी पुलिस महकमे के उन अधिकारियों में गिने जाते थे, जिनकी प्रशासनिक पहुंच को लेकर खूब चर्चाएं होती थीं। उस दौर में डीजीपी की कुर्सी पर कौन बैठा है, यह अपनी जगह था, लेकिन पुलिस के भीतर एक अलग प्रभावशाली नेटवर्क की चर्चा होती थी। इस नेटवर्क मे छाबड़ा, शेख चिल्ली और माहेश्वरी जैसे नामों का जिक्र होता रहा। प्रशासनिक गलियारों में माहेश्वरी के लिए ‘मुनीम’ शब्द भी खूब प्रचलित हुआ। यह संबोधन उनकी प्रशासनिक भूमिका और उस समय के सत्ता तंत्र से उनकी नजदीकियों को लेकर चर्चाओं का हिस्सा रहा।
दिलचस्प यह है कि सरकार बदलने के बाद भी इस नेटवर्क की चर्चा पूरी तरह खत्म नहीं हुई। पुराने संपर्क, पुरानी नजदीकियां और पुलिस महकमे के भीतर सक्रिय माने जाने वाले इस समूह को लेकर सवाल समय-समय पर उठते रहे हैं। अब नई पोस्टिंग के बाद एक बार फिर वही पुराने नाम चर्चा में हैं।
जगरगुंडा में पोस्टिंग, लेकिन राजधानी में महीनों की मौजूदगी!
माहेश्वरी की पोस्टिंग का सबसे दिलचस्प पहलू उनके सुकमा प्रवास से जुड़ा है। 6 मार्च 2024 के शासन आदेश से उन्हें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, कैंप जगरगुंडा, जिला सुकमा में पदस्थ किया गया था। 10 मार्च को पुलिस मुख्यालय से कार्यमुक्त होने के बाद उन्होंने 16 मार्च को सुकमा में आमद दी। नक्सल प्रभावित इलाके में उन्हें अभियान की निगरानी और फोर्स मूवमेंट जैसे संवेदनशील दायित्वों से जोड़ा गया था।
लेकिन इसके बाद जो घटनाक्रम सामने आया, वह पुलिस की कमांड व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उपलब्ध पदस्थापना दस्तावेजों और 10 जुलाई 2024 के बस्तर आईजी के पत्र से जुड़े विवरणों के अनुसार, 2 अप्रैल से 10 मई 2024 तक माहेश्वरी रायपुर में विवेचना संबंधी काम के लिए मौखिक अनुमति के आधार पर मौजूद रहे। 6 से 8 जुलाई तक भी न्यायालयीन पेशी के सिलसिले में बलौदाबाजार और रायपुर में उनकी मौजूदगी का उल्लेख है।
यानी एक तरफ जगरगुंडा जैसा संवेदनशील मोर्चा और दूसरी तरफ राजधानी में लंबा प्रवास। सवाल सीधा है कि नक्सल मोर्चे पर तैनात अधिकारी की इतनी लंबी गैरमौजूदगी किसकी अनुमति से और किस व्यवस्था के तहत चलती रही? पुलिस विभाग में लिखित आदेशों की अपनी अहमियत है, फिर इतने संवेदनशील मामले में मौखिक आदेशों का सहारा क्यों लिया गया?
महादेव सट्टा में 35 लाख महीने का जिक्र, CBI पहुंच चुकी है घर तक!
माहेश्वरी का नाम महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में भी सुर्खियों में रहा है। प्रवर्तन निदेशालय की अभियोजन शिकायत में दर्ज बयानों के आधार पर पुलिस के निलंबित एएसआई चंद्रभूषण वर्मा ने अपने बयान में माहेश्वरी को हर महीने 35 लाख रुपये दिए जाने की बात कही थी। शिकायत में सट्टा नेटवर्क को संरक्षण देने और रायपुर में फ्लैट की खरीद के लिए रकम उपलब्ध कराने संबंधी आरोपों का भी उल्लेख किया गया था।
इसके बाद मार्च 2025 में महादेव सट्टा मामले में सीबीआई की टीम माहेश्वरी के राजनांदगांव स्थित आवास तक पहुंची। घर बंद मिलने पर टीम ने उसे सील किया और अगले दिन फिर पहुंचकर दस्तावेजों की जांच की।
अब सवाल यह है कि इतने गंभीर प्रकरण में जांच एजेंसी की कार्रवाई का सामना कर चुके अधिकारी की नई पदस्थापना को विभाग किस नजरिये से देख रहा है? क्या सरकार और पुलिस मुख्यालय ने इस पूरे घटनाक्रम को ध्यान में रखकर कोई प्रशासनिक समीक्षा की है?
पुराने किरदार, नया ठिकाना और चुनाव से पहले बदलता समीकरण!
पुलिस की इस नई सूची को केवल तबादलों का सामान्य आदेश मानकर छोड़ देना आसान है। लेकिन जब किसी अधिकारी के पदस्थापना इतिहास, पुराने सत्ता तंत्र में उसकी भूमिका, जांच एजेंसियों की कार्रवाई और राजधानी में लंबे समय तक मौजूदगी के प्रसंग एक साथ सामने आते हैं, तो सवाल उठना स्वाभाविक है।
माहेश्वरी अब बालोद पहुंच गए हैं। बस्तर से राजधानी और फिर राजधानी के करीब एक नई पोस्टिंग। इस पूरे सफर में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या पुलिस महकमे के भीतर पुरानी प्रभावशाली लॉबी अब भी अपनी जगह बनाए हुए है? सरकार बदलने के बाद भी अगर पुराने नेटवर्क के किरदार नई व्यवस्थाओं में अपनी जगह तलाश रहे हैं, तो यह सिर्फ एक अधिकारी का तबादला नहीं, बल्कि पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर बड़ा सवाल है।
क्योंकि यहां कहानी सिर्फ पोस्टिंग की नहीं है। कहानी उस ‘मुनीम सिस्टम’ की है, जिसकी चर्चा सत्ता बदलने के बाद भी बंद नहीं हुई।










