मऊ से राजिम जा रही कार अनियंत्रित होकर पुल के सुरक्षा घेरे से टकराई, राजिम के व्यावसायी दंपत्ति की हुई मौत, 3 गंभीर

कवर्धा। शुक्रवार सुबह मऊ (मध्यप्रदेश) से राजिम जा रही एक कार अनियंत्रित होकर पुल के सुरक्षा घेरे से टकरा जाने से राजिम निवासी व्यवसायी और शशि कंस्ट्रक्शन एंड इलेक्ट्रिकल्स के संचालक लोकनाथ साहू और उनकी पत्नी लक्ष्मी साहू की मौत हो गई। वहीं कार में सवार अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचा भर्ती किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना सुबह करीब 6 बजे पंडरिया थाना क्षेत्र के रहमान काँपा के पास हुई जब तेज रफ्तार कार चालक उस पर से नियंत्रण खो बैठा और कार अनियंत्रित होते ही पुल के सुरक्षा घेरे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार राजिम निवासी व्यवसायी और शशि कंस्ट्रक्शन एंड इलेक्ट्रिकल्स के संचालक लोकनाथ साहू और उनकी पत्नी लक्ष्मी साहू की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पंडरिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचा और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं तीनों घायलों को गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
सड़क दुर्घटना में लोकनाथ साहू और उनकी पत्नी लक्ष्मी साहू की मौत की खबर मिलते ही राजिम क्षेत्र में क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। राजिम विधायक रोहित साहू ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि लोकनाथ साहू वर्षों से मेरे घनिष्ठ सहयोगी एवं कठिन समय के साथी रहे हैं। दोनों का निधन मेरे निजी जीवन के लिए एक अपरणीय क्षति है।










