कही अनकही बातें – कल्पनाओं की आंच में झुलसते सफेदपोश!

कल्पनाओं में डूबी एक काल्पनिक दास्तान किसी एप्स्टीन फाइल से कम नहीं है। इस कल्पना में अब तक कितने लोग गोते लगा चुके हैं, इसका राज भी गहरी कल्पनाओं में डूबा हुआ है। लेकिन अगर इस कल्पना के पीछे कुछ हकीकत है, तो अंदाजा लगाइए कि कितने सफेदपोश हनीट्रैप के जाल में उलझ चुके हैं?
सूबे के गलियारों में अनकही चर्चाएं हैं कि कल्पनाओं की लौ में सिर्फ दीपक ही नहीं जला, बल्कि उसकी तपिश उन लोगों तक भी पहुंची जो कभी इसकी आंच के करीब आए थे। बताते हैं कि आनंदमय जिंदगी जीने वाले एक साहेब तो इस कल्पना में ऐसे डूबे कि हवाई यात्राओं तक में आनंद तलाशते रहे। एक आनंदम वाली जगह भी है जहाँ की वीडियो क्लिप भी हवाओं में तैर रही हैं। एक चिल्ली के ट्रैप होने की कहानी है, तो एक मुनीम का जिक्र भी है। सवाल यह है कि इस कल्पना की परिधि में आखिर कितने अफसर और रसूखदार चेहरे शामिल हैं?
लेकिन इस कल्पना की कहानी में एक ऐसा मोड़ भी आया, जब सब कुछ सामान्य नहीं रहा। बताते हैं कि जब तबीयत बिगड़ी तो इलाज के लिए दिल्ली जाना पड़ा। आनंद वाले साहेब ने बाकायदा हवाई यात्रा का टिकट कराया और नोएडा तक पहुंचाने की व्यवस्था की। इतना ही नहीं, इलाज के लिए जिस अस्पताल का नाम सामने आ रहा है, उसमें भी साहेब की साझेदारी बताई जाती है। यानी इलाज भी अपने इंतजाम में और निवेश भी अपने ही इलाके में! साहेब की कारोबारी कल्पनाएं भी कम दिलचस्प नहीं हैं।
कहानी सिर्फ वीडियो, चैट या अंतरंग मुलाकातों तक सीमित नहीं रही इसके तार हवाला के करोड़ों के लेनदेन और नक्सल मूवमेंट से जुड़ी गोपनीय जानकारियों तक पहुंचने की भी बातें है। अगर इन बातों में रत्तीभर भी सच्चाई है तो फिर कार्रवाई की कल्पना आखिर कहां खो गई? गोवा से लेकर अलग-अलग हिल स्टेशनों तक की यात्राओं का जिक्र है। बताया जाता है कि इन यात्राओं का हिसाब भी पहले से तय रहता था। घंटे, दिन और पांच-पांच दिन के प्रवास की अलग-अलग कीमत, जो लाखों में बताई जाती है। आखिर इन यात्राओं के पीछे कौन था और इनका हिसाब कौन रखता था?
कहानी में एक मुखिया को रिश्तेदार बताकर हाउस तक पहुंच बनाने का किस्सा भी जुड़ा है। अब समय बदला और उसी हाउस में एक बगुला बैठा है। बगुला भी ऐसा कि कल्पनाओं की दीवानगी में खुद अपना भविष्य तलाशने लगा है। तालाब को गंदा करने में जिसकी भूमिका हैं, वह अब उसी गंदगी में अपनी सियासी संभावनाएं खोज रहा है। बताते हैं कि एक बड़े केंद्रीय नेता की आड़ में बगुले ने अपनी अलग कल्पना सजा रखी है।
अब बगुला, चिल्ली, मुनीम और आनंद वाले की एक ही ख्वाहिश है कि कल्पना फिर से कल्पना ही बनी रहे, हकीकत का रूप न ले। न कोई पुरानी कहानी खुले, न कोई वीडियो क्लिप सामने आए और न ही किसी का चेहरा बेनकाब हो। चर्चाएं तो यहां तक हैं कि आनंद वाली सिटी में बैठकर ही कई कोरी कपोल-कल्पनाओं की पटकथा तैयार होती रही है। मगर अब इस कहानी के कुछ पन्ने खुलने लगे हैं।
कल्पनाएं तो पहले ही बदनाम गलियों में पहुंच चुकी है, लेकिन असली सवाल उन सफेदपोशों का है जो अपनी प्रतिष्ठा और रसूख का चोला ओढ़कर इस कल्पना में इतनी दूर निकल आए कि वापसी का रास्ता तलाशना मुश्किल हो गया है। अब देखना यह है कि इस काल्पनिक दास्तान से कितने वास्तविक चेहरे बाहर आते हैं।
उधर महादेव का त्रिशूल भी अपनी जगह मौजूद है। कब किस पर पड़ जाए, कहना मुश्किल है। फिलहाल बगुला अपने साथियों को बचाने की जुगत में है, लेकिन तालाब में इतनी गंदगी फैला चुका है कि अब खुद उसके डूबने की नौबत आती दिख रही है।
यक्ष प्रश्न यही है कल्पनाओ के इस मायाजाल में कितने चेहरे सिर्फ किरदार हैं और कितने पर्दे के पीछे के असली खिलाड़ी?










