महादेव की आंच में आनंद भी बेहाल! दिवाली के उजाले से पहले ही साहब के घर पसरा अंधेरा, दक्षिण की दौड़ और बचाने की गुहार से बढ़ी हलचल!

राजधानी – महादेव के खेल में इन दिनों एक आनंद वाले साहब का आनंद कुछ ऐसा काफूर हुआ है कि दिवाली के दीप भी बेचैनी का अंधेरा दूर नहीं कर पाया। घर में त्योहार की रौनक से ज्यादा इस बात की चिंता थी कि कहीं उजाले की एक किरण में साहब का चेहरा ही न नजर आ जाए। सीबीआई की दस्तक के बाद बेचैनी बढ़ी हुई है और अब राहत की तलाश में दर-दर की चौखट नाप रहे हैं।
बताते हैं कि बीते दिनों साहब दक्षिण के एक शहर की यात्रा पर थे। आधिकारिक वजह भले ही स्वास्थ्य से जुड़ी रही हो, लेकिन इस यात्रा के पीछे की कहानी कुछ और रही है। वहां एक पुराने सियासी रहनुमा से मुलाकात हुई, जो उन दिनों अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे। साहब ने अपनी मुश्किलों का पूरा किस्सा सुनाया, मिन्नतें कीं और इस संकट से उबार लेने की गुहार लगाई।
जवाब में उन्हें एक रास्ता सुझाया गया। सलाह थी कि पहले अमन-चैन वाले साहब से बात कर लीजिए। वे जितना हिसाब बताएं, उतना छोड़ दीजिए, फिर आगे की स्थिति देखकर कोई रास्ता निकाला जा सकता है। बताते हैं कि आनंद वाले साहब ने सिर्फ अपनी परेशानी ही नहीं बताई, बल्कि उन तमाम दरवाजों का भी ब्योरा खोल दिया, जहां सीबीआई पहले ही दस्तक दे चुकी है। शेख चिल्ली से लेकर मुनीम और अग्रवाल साहब तक, किसकी कितनी मुश्किल है और किसे किस तरह की राहत चाहिए, इसका पूरा हिसाब-किताब सामने रख दिया।
अब इस कहानी में एक और दिलचस्प पहलू है। महादेव के इस मकड़जाल में सिर्फ आनंद ही नहीं, शेख चिल्ली, मुनीम और अग्रवाल साहब भी जांच की आंच से परेशान हैं। इनके ठिकानों पर भी सीबीआई की दबिश पड़ चुकी है। पहले भी इन किरदारों को लेकर कई किस्से सुर्खियों में रहे हैं। आखिर इन सबकी पैरवी का जिम्मा आनंदम ने अपने कंधों पर क्यों उठा रखा है? क्या साहब ने सबको संकट से निकालने की सुपारी ले रखी है या फिर इस पूरे खेल में उनकी अपनी कोई ऐसी कड़ी है, जिसे खुलने से रोकना जरूरी है?
जिस नेटवर्क ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के नाम पर प्रदेश के युवाओं को जुए की लत और आर्थिक बर्बादी की जद में धकेलने का रास्ता बनाया, उसके पीछे कौन-कौन खड़ा था, यह जांच का बड़ा सवाल है। करोड़ों के इस खेल में पैनल चलाने वालों से लेकर संरक्षण देने वालों तक की कड़ियां तलाशने की जरूरत है। ऐप के कारोबार ने जहां युवाओं के भविष्य पर दांव लगाया, वहीं इसके संरक्षकों की बेचैनी अब अलग कहानी बयां कर रही है।
अब सवाल यह है कि आनंद वाले साहब की दक्षिण दौड़ कितनी कारगर साबित होगी? जिनके लिए राहत की गुहार लगाई जा रही है, उन्हें बचाने का कोई रास्ता निकलेगा या फिर सबको अपने-अपने हिसाब का सामना करना पड़ेगा? फिलहाल आनंद वाले साहब के चेहरे पर आनंद कम और बेचैनी की लकीरें ज्यादा दिखाई देने की चर्चाएं हैं।
महादेव के इस खेल में अब तक कई पत्ते खुले हैं, लेकिन लगता है कि आनंदम की फेहरिस्त में अभी कई नाम बाकी हैं। पर्दे के पीछे बुना गया मकड़जाल जितना बड़ा है, उसके धागे खुलने पर कहानी भी उतनी ही दूर तक जा सकती है।










