विस्फोटक सामाग्री के साथ 2 नक्सली मिलिशिया सदस्य गिरफ्तार

सुकमा। थाना जगरगुण्डा क्षेत्रान्तर्गत कैम्प बेदरे से तोमेश वर्मा, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी जगरगुण्डा के हमराह जिला बल, डीआरजी, बस्तर फाईटर का बल एवं सुरेन्द्रन, सहायक कमाण्डेन्ट के हमराह 165 वाहिनी सीआरपीएफ का बल की संयुक्त पार्टी नक्सल गस्त सर्चिंग हेतु ग्राम दुरनदरभा, चिमलीपेंटा व आस-पास क्षेत्र जंगल की ओर रवाना हुए थे। अभियान के दौरान ग्राम दुरनदरभा के जंगल के पास से घेराबंदी कर 02 संदिग्धों को पकड़ा गया। पकड़े गये संदिग्धों से पूछताछ करने पर अपना नाम ओयम छोटू पिता केशा (मिलिशिया सदस्य, दुरनदरभा) निवासी ग्राम पटेलपारा दुरनदरभा थाना जगरगुण्डा जिला सुकमा, एवं कोरसा हुंगा पिता कोरसा मंगडू (मिलिशिया सदस्य, दुरनदरभा) निवासी ग्राम पटेलपारा दुरनदरभा थाना जगरगुण्डा जिला सुकमा का होना तथा नक्सल संगठन में उपरोक्त पदों पर कार्य करना बताया गया।
गिरफ्तार नक्सली ओयम छोटू पिता केशा के कब्जे से 4 नग डेटोनेटर, 2 नग जिलेटिन रॉड, 3 मीटर बिजली वायर 2 नग पेंसिल सेल, नक्सल साहित्य एवं कोरसा हुंगा पिता मंगडू के कब्जे से बारूद लगभग 100 ग्राम, टॉप टाईगर बम 2 नग, टिकली फटाका 3 नग, 2 नग माचिस, नक्सल साहित्य बरामद किया गया। उपरोक्त सामाग्री को रखे जाने के संबंध में गहन पूछताछ करने पर बताये कि बड़े नक्सलियों के आदेश पर सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से रखना तथा मौके पाकर सुरक्षा बलों के आने-जाने वाले मार्ग में आईईडी लगाने के लिये आना बताये। उक्त कृत्य विधि विरूद्ध पाये जाने से दोनों नक्सली व अन्य नक्सलियों के खिलाफ थाना जगरगुण्डा में अपराध क्रमांक 15/2024 धारा 4, 5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर दोनों नक्सलियों के विरूद्ध अग्रिम वैधानिक कार्यवाही करते हुए आज न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया। उपरोक्त घटना में शामिल अन्य नक्सलियों की गिरफ्तारी हेतु क्षेत्र में लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।










