बेमौसम बारिश से प्रभाावित तेंदूपत्ता खरीदी पर लगा ग्रहण

जगदलपुर। बस्तर संभाग में बीते दो सप्ताह से हो रही लगातार बारिश ने तेंदूपत्ता संग्राहकों की चिंता बढ़ा दी है। खराब मौसम ने इस बार तेंदूपत्ता संग्राहकों की आस पर पानी फेर दिया है। लगातार बेमौसम बारिश होने से तेंदूपत्ता संग्रहण पर बहुत बुरा प्रभाव पड़ा है। इससे संग्रहण केंद्र में रखे तेंदूपत्तों पर धूल-मिट्टी लग गई है और पत्तों के सडऩे की आशंका बढ़ गई है। ऐसे में तेंदूपत्ता संग्रहण का कार्य रूक गया है और इसकी खरीदी पर ग्रहण लग गया है। बारिश और बदलते मौसम के कारण कई फड़ों में खरीदी का कार्य चालू भी नही हो पाया है।
वन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक इस वर्ष संग्रहण व खरीदी की शुरूआत दंतेवाड़ा से किया गया है। इसके चलते यहां पर करीब 13 हजार मानक बोरा तेंदूपत्ता का खरीदी की जा चुकी है। जबकि सुकमा में सबसे अधिक 26 हजार तेंदूपत्ता की खरीदी हो चुकी है। इसके बाद जगदलपुर में खरीदी धीमी गति से जारी है। सबसे चिंताजनक स्थिति बीजापुर की है, जहां अभी तक खरीदी शुरू नहीं हो सकी है। बीजापुर का तेंदूपत्ता सबसे अच्छा होने के कारण यहां के तेंदूपत्ता की मांग सबसे अधिक है। अधिकारियों के मुताबिक मौसम अच्छा रहा तो 5 मई के बाद यहां खरीदी शुरू होगी। खराब मौसम ने इस बार तेंदूपत्ता संग्राहकों की आस पर पानी फेर दिया है। तेंदूपत्ता आदिवासियों के लिए आय का सबसे बड़ा स्त्रोत है। संग्रहण कार्य से बस्तर के करीब एक लाख परिवारों को रोजगार मिलता है। इससे ग्रामीण की आर्थिक मजबूती होती है। लगभग एक माह तक चलने वाले इस कार्य में बारिश सबसे बड़ा रोड़ा बन गया है। बेमौसम बारिश से एक ओर जहां तेंदूपत्ता की गुणवत्ता खराब हो रही है वहीं संग्रहण में भी परेशानी हो रही है।
मुख्य वन संरक्षक आरसी दुग्गा ने बताया कि लगातार बारिश के चलते बस्तर वृत्त में तेंदूपत्ता संग्रहण प्रभावित हुई है। आने वाले दिनों में मौसम साफ होने पर सभी खरीदी केन्द्रों में तेज गति से खरीदी का काम शुरू कर दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *