मोहला-मानपुर के कांग्रेस अध्यक्ष मानिकपुरी ने दिया पार्टी से इस्तीफा

राजनांदगांव। आदिवासी बाहुल्य मोहला-मानपुर जिले के कांग्रेस के अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने शुक्रवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को पत्र लिखकर अपना इस्तीफा भेज दिया है।
स्थानीय प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने संगठन के भीतर कार्यकर्ताओं की अनदेखी और निजी हितों को महत्व दिए जाने पर सवाल उठाते आरोप लगाया कि पार्टी को मजबूत बनाने का सिर्फ कोरा दावा किया जाता है। 2019 में भी ‘सीएम हाउस’ के नाम पर उनके साथ अन्याय किया गया। 2024 में भी वह पार्टी की अंदरूनी राजनीति के शिकार हुए और लगातार उपेक्षा से व्यथित होकर उन्होंने इस्तीफा देने का मन बनाया।
बताया जा रहा है कि मानिकपुरी को नगर पंचायत अध्यक्ष की टिकट देने में क्षेत्रीय विधायक भोलाराम साहू ने खुलकर खिलाफत की थी। पूर्व सीएम बघेल ने क्षेत्रीय विधायक की पसंद पर टिकट की घोषणा की। इससे आहत होकर मानिकपुरी ने कांग्रेस से बरसों पुराना संबंध तोड़ दिया है और अब वे निर्दलीय चुनाव लडने की तैयारी में है। ऐसे में कांग्रेस की परेशानी बढ़ सकती है। बताया जाता हैं कि 2014 से 2019 तक मानिकपुरी नगर पंचायत के अध्यक्ष रहे और वे 2009 से 2014 तक नपं के उपाध्यक्ष रहे। साथ ही ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भी रहे। बतौर जिलाध्यक्ष गत् पिछले विधानसभा में उन्होंने सांगठनिक रूप से पार्टी को मजबूत किया। नतीजतन विपरीत परिस्थितियों के बीच कांग्रेस को मोहला-मानपुर सीट से 32 हजार की भारी भरकम अंतर से जीत मिली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *