बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर में इस सोमवार “हरियाली श्रृंगार”

रायपुर। भगवान शिव की आराधना को समर्पित श्रावण मास पर राजधानी के प्राचीनत्तम बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर में रोजाना दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। पवित्र मास के दूसरे सोमवार (29 जुलाई) को “हरियाली श्रृंगार” किया जायेगा,इसमें पूरा मंदिर परिसर हरे रंग से आच्छादित नजर आएगा। लाल चंदन व हल्दी पानी से विशेष अभिषेक होगा।
मंदिर ट्रस्ट कमेटी की ओर से जानकारी देते हुए चंद्रप्रकाश व्यास ने बताया कि हर सोमवार को श्रृंगार का प्रसंग अलग अलग होता है। पुष्टिकर समाज की युवा टीम के नेतृत्व में यह श्रृंगार होता है, इस बार “हरियाली श्रृंगार” में हरे पत्तों में केले के पत्ते,शमी,कड़वा नीम,आम के पत्तों से सजावट की जायेगी, इनके ऊपर हरे रंग की लाइट से रौशनी बिखेरी जायेगी। लाल चंदन व हल्दी पानी का समिश्रण भगवान शिव के ऊपर अनवरत रिसते हुए काफी मनोहारी दिखाई पड़ेगा। मान्यता है कि जो भी इस पूजन में सहभागी बनेगा व दर्शन लाभ करेगा उसकी शारीरिक व्याधि शिव कृपा से दूर होती है।










