भारी बारिश के बीच ट्रैक पर गिरा पेड़,पैसेंजर ट्रेन क्षतिग्रस्त

00 मुल्ले कैंप के समीप की घटना
कांकेर/बालोद। बालोद जिले के दल्लीराजहरा से अंतागढ़ की तरफ जा रही पैसेंजर ट्रेन बरगद पेड़ के ट्रैक पर गिर जाने से टकरा गई है। इस घटना में ट्रेन चालक को चोट आई है और ट्रेन पटरी से उतर गई है। घटना की जानकारी के बाद रेलवे विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर ट्रेन को वापस पटरी पर लाने के लिए रेस्क्यू में जुटी हुई है।मुल्ले कैंप के समीप हुई यह घटना। बताया जा रहा है कि डेमो पैसेंजर ट्रेन का खाली रैक दल्लीराजहरा से भानुप्रतापपुर जा रही थी, जोकि सुबह करीबन 6 बजे बालोद होते हुए रायपुर जाने वाली थी। लेकिन ट्रेन भानुप्रतापपुर पहुंचने से पहले मुल्ले कैंप के पास रेलवे ट्रैक पर गिरे बरगद पेड़ से टकरा गई। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश के चलते बरगद का पेड़ रेलवे ट्रैक की तरफ गिर गया था। वहीं अंधेरा होने की वजह से ट्रेन का इंजन पेड़ से टकरा गया और ट्रेन के पायलट को हल्की चोट आई है तथा ट्रेन का इंजन का एक चक्का पटरी से उतर जाने की वजह से आज भानुप्रतापपुर से दुर्ग-रायपुर की जाने वाली ट्रेन रद्द हो गई है। वही घटना से ट्रेन का सामने का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ है, जिससे आम लोगो को आज काफी असुविधा का सामना करना पड़ेगा। दल्लीराजहरा बालोद सहित आसपास के सैकड़ों लोग आज ट्रेन सुविधा से वंचित हो गए।










