बिजली गिरने से एक की मौत, 8 घायल

बलौदाबाजार। पहंदा गांव में गुरुवार शाम आसमानी बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग बुरी तरह घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पहंदा में गुरुवार शाम करीब 4 बजे गांव के पुराने आंगनबाड़ी केंद्र के पास कुछ ग्रामीण एकत्रित थे, तभी अचानक उन पर बिजली आ गिरी। इस प्राकृतिक आपदा की चपेट में कुल 10 लोग आ गए। जिसमें 26 वर्षीय प्रतीक कोसले, पिता दीपक कोसले की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, आठ अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक 10 वर्षीय बच्चा और एक 6 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। घटना के तुरंत बाद, स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल बलौदाबाजार पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनके उपचार में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, घायलों में से एक व्यक्ति की हालत अधिक गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए राजधानी रायपुर रेफर किया गया है।
घायल हुए ग्रामीणों में धनी कुमार (21 वर्ष), पिता माधव, विकास बंजारे (15 वर्ष), पिता मोहनलाल बंजारे,सौरभ बंजारे (10 वर्ष), पिता मोहनलाल बंजारे, छविंद्र कुमार बंजारे (15 वर्ष), पिता सुहनलाल बंजारे, विजय कुमार निषाद (17 वर्ष), पिता संतोष निषाद, रुद्र कुमार मांडले (12 वर्ष), पिता पुरुषोत्तम मांडले, मयंक मांडले (06 वर्ष), पिता पुरुषोत्तम मांडले, नवीन कोसले (25 वर्ष), पिता सीताराम कोसले शामिल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *