बीजापुर के चार छात्रों का नाम इन्फ्लुएंसर बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में हुआ दर्ज

बीजापुर। नीति आयोग (भारत सरकार) एवं जिला प्रशासन के सहयोग से जिले की समस्त प्राथमिक शालाओं में कक्षा 5वीं के छात्रों हेतु संचालित अबेकस एजुकेशन कार्यक्रम अब वैश्विक स्तर पर अपनी सफलता की कहानी लिख रहा है। इन्फ्लुएंसर बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड द्वारा आयोजित इंटरनेशनल अबेकस ओलंपियाड में बीजापुर के छात्रों ने अपनी अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।
इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में कुल 8 देशों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था, जिसमें छात्रों को 150 प्रश्नों को हल करने के लिए मात्र 10 मिनट का समय दिया गया था। जिले के 64 छात्रों ने अबेकस जूनियर लेवल एवं लेवल-1 में अपनी भागीदारी दर्ज की, जिनमें से 18 छात्रों ने निर्धारित समय सीमा के भीतर सटीकता से प्रश्नों को हल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विशेष उपलब्धि के रूप में भावेश फरसा, आदित्य सकनी, आशा मुमीर एवं राहुल पोयाम ने जूनियर लेवल और लेवल-1 में दुनिया भर के टॉप 100 छात्रों में जगह बनाकर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया है। उनकी इस असाधारण उपलब्धि के लिए उनका नाम इन्फ्लुएंसर बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किया गया यह नवाचार और अबेकस प्रशिक्षण के माध्यम से बच्चों के गणितीय कौशल को निखारने का प्रयास अब धरातल पर रंग ला रहा है। इस ऐतिहासिक सफलता पर जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग एवं संचालक एम.एम. अबेकस अकादमी ने सभी विजेता छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *