फाइल रायपुर में चलनी है, उम्मीद कोयंबटूर में! एक्सटेंशन के लिए सचिव साहब की दस्तक –

 

राजधानी – कुर्सी का मोह भी बड़ा गजब होता है। विधानसभा में जिम्मेदारियां बदल जाएं, अध्यक्ष बदल जाएं, लेकिन कुर्सी से लगाव कम होने का नाम नहीं ले रहा। अब सचिव दिनेश शर्मा की एक साल के सेवा-विस्तार की मियाद इसी महीने के आखिर में पूरी होने जा रही है। ऐसे में साहब की सक्रियता रायपुर से निकलकर कोयंबटूर तक जा पहुंची है। खबर है कि उपचार करा रहे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात करने साहब वहां जा पहुंचे। मुलाकात को भले कुशलक्षेम पूछने का नाम दिया जाए, लेकिन इसके सियासी-प्रशासनिक मायने तलाशे जा रहे हैं।

आखिर मामला सिर्फ मुलाकात का नहीं, अगली पारी का भी है। चर्चा है कि साहब की निगाहें एक और सेवा-विस्तार पर टिकी हैं। पहला एक्सटेंशन अध्यक्ष की कृपा से मिल चुका है, अब दूसरी पारी की उम्मीद में कोयंबटूर तक दस्तक को महज संयोग मान लिया जाए या इसे समय से पहले की गई प्रशासनिक कवायद? वैसे साहब भी जानते हैं कि एक्सटेंशन की फाइल रायपुर में ही आगे बढ़ेगी, लेकिन उसकी उम्मीदों का रास्ता कोयंबटूर से होकर गुजरता दिखाई दे रहा है।

दिलचस्प यह भी है कि साहब चरणदास महंत के कार्यकाल से सचिव की कुर्सी पर हैं। सरकार बदली, अध्यक्ष बदले, विधानसभा का पता बदला, लेकिन साहब की पारी जारी रही। अब सेवानिवृत्ति के बाद मिले एक साल के विस्तार की घड़ी भी करीब है। ऐसे में कोयंबटूर की मुलाकात का समय अपने आप में चर्चा का विषय बन गया है।

अब सवाल यह है कि यह महज शिष्टाचार भेंट थी या अगली पारी के लिए बिछाई जा रही बिसात? डॉ. रमन सिंह की इस मुलाकात के बाद क्या फैसला सामने आता है, यह तो वक्त बताएगा। फिलहाल साहब की उम्मीदों का विमान कोयंबटूर तक उड़ान भर चुका है। देखना है कि वापसी में एक्सटेंशन की खुशखबरी मिलती है या फिर सचिवालय को नए चेहरे का इंतजार करना पड़ेगा!

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *