मुख्यमंत्री कन्या विवाह में अव्यवस्था, खाने को लेकर मारपीट

बालोद। जिले में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित एक सामूहिक विवाह समारोह अव्यवस्था की भेंट चढ़ गया। जहांखाने को लेकर मची भगदड़ के बाद मारपीट ने कार्यक्रम की खुशियों पर पानी फेर दिया।
बालोद जिले के गुंडरदेही ब्लॉक स्थित ग्राम ओटेबंद में महिला एवं बाल विकास विभाग ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 37 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया। हालांकि, यह नेक आयोजन जल्द ही मारपीट और हंगामे का शिकार हो गया। विशेष रूप से भोजन वितरण के दौरान स्थिति बेकाबू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वर-वधु पक्ष के लोगों को भोजन के टोकन और फिर खाना पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। जब भोजन वितरण आरंभ हुआ, तो सीमित व्यवस्था के कारण लोगों में अफरा-तफरी मच गई, जो देखते ही देखते भगदड़ में तब्दील हो गई। आरोप है कि इस दौरान भोजन वितरण कार्य में लगे कुछ व्यक्तियों ने धैर्य खो दिया और कुछ परिजनों के साथ हाथापाई व मारपीट तक कर डाली, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
बिगड़ती स्थिति को देखते हुए मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया और उत्तेजित लोगों को शांत कराया। इस घटना ने पूरे आयोजन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *