हर महीने भारी मुनाफा का लालच देकर 22 लोगों से 9 लाख की ठगी

बिलासपुर। ‘मान्या सेल्स’ नाम से हेमूनगर स्थित बालाजी कॉम्प्लेक्स की प्रथम मंजिल पर ऑफिस नंबर 221 में फाइनेंस कंपनी खोलकर हर महीने भारी मुनाफा देने का लालच देकर एक युवक ने 22 लोगों से करीब 9 लाख रुपये ठग लिए और कुछ ही दिनों बाद ऑफिस बंद कर फरार हो गया। पीडि़तों की शिकायत पर तोरवा पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी खोजबीन में जुट गई है।
जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 15, सारथी मोहल्ला निवासी सत्यनारायण सांडे की लगभग पांच महीने पहले कामता मेहता नामक युवक से मुलाकात हुई थी। बातचीत के दौरान कामता ने ‘मान्या सेल्स’ नाम की एक फाइनेंस कंपनी शुरू करने की योजना बताई, जिसमें लोगों को लोन दिलाने का कार्य किया जाना था। उसने सत्यनारायण से कंपनी में पार्टनरशिप के नाम पर दो लाख रुपये की मांग की। कामता ने न केवल सत्यनारायण, बल्कि चांदनी पाटले, आकाश कुमार बंजारे सहित कुल 22 लोगों से अलग-अलग रकम लेकर कुल 9 लाख रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए। बदले में हर माह 20 हजार रुपये मुनाफा और नौकरी देने का वादा किया गया। कामता मेहता ने कुछ समय के लिए ‘मान्या सेल्स’ नाम से हेमूनगर स्थित बालाजी कॉम्प्लेक्स की प्रथम मंजिल पर ऑफिस नंबर 221 में कंपनी का संचालन भी किया, जिससे लोगों का भरोसा और बढ़ गया। लेकिन कुछ ही हफ्तों बाद ऑफिस को अचानक बंद कर दिया गया और कामता फरार हो गया।
लंबे समय तक संपर्क न होने पर जब पीडि़तों को ठगी का एहसास हुआ, तो उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई। तोरवा पुलिस ने आरोपी कामता मेहता के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर उसकी खोज शुरु कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *