निगम की पुरानी बिल्डिंग पर बनेगा बहुमंजिला व्यावसायिक सह पार्किंग कांप्लेक्स

00 गणेशोत्सव स्थल सजावट व विसर्जन झांकियों पर निगम देगा पुरस्कार
रायपुर । मालवीय रोड स्थित नगर निगम के पुराने भवन क्षेत्र में निगम एक बहुमंजिला व्यावसायिक सह पार्किंग कांप्लेक्स बनाएगा। इस प्रस्ताव पर रायपुर नगर निगम एमआईसी ने अपनी सैद्धांतिक सहमति दे दी है। महापौर श्रीमती मीनल चौबे की अध्यक्षता में आज हुई बैठक में इस प्रस्ताव पर कहा गया कि यह निर्माण रेवेन्यू शेयरिंग माडल पर होगा। एमआईसी ने अपने लोनिवि और नगर निवेश विभाग को आरएफपी तैयार करने कहा है। पुराने निगम भवन क्षेत्र में 22377 वर्ग मीटर भूखंड उपलब्ध है।
आज की बैठक में एमआईसी ने 38 मूल और 4 अतिरिक्त प्रस्ताव पर विचार कर निर्णय लिया। उक्त प्रस्ताव अतिरिक्त एजेंडे के तहत रखा गया था। अब ये सभी प्रस्ताव सामान्य सभा की मंजूरी के लिए रखे जाएंगे। बैठक में एमआईसी ने सभापति सूर्यकांत राठौड़ के प्रस्ताव अनुसार आगामी गणेशोत्सव से स्थल सजावट और विसर्जन झांकियों को निगम की ओर से पुरस्कार देने का फैसला किया है। यह व्यवस्था कई वर्षों से बंद पड़ी हुई थी। इसी तरह से एमआईसी ने मोर जमीन मोर मकान योजना के तहत् टिकरापारा, डिमरापारा (रायपुरा) सरोना के नया पुराना बाजार क्षेत्र को केंद्र की डीएलसी घटक में शामिल करने के प्रस्ताव पर चर्चा की। यह प्रस्ताव विधायक राजेश मूणत ने दिया था। इसके अलावा गरीबी शहरी उपशमन विभाग के पेंशन प्रकरण, राजधानी में लगे पेड़ों की जियो टैगिंग, सेवानिवृत्त कर्मचारी-अधिकारियों को संविदा नियुक्ति, एमआईसी सदस्यों को निगम के खर्च पर ड्राइवर उपलब्ध कराने की भी मंजूरी दी गई।










