केंद्रीय जेल दुर्ग से पैरोल से बाहर आए कैदी नहीं पहुंचे जेल, 10-10 हजार का ईनाम घोषित

दुर्ग। केंद्रीय जेल दुर्ग में हत्या के मामले में सजा काट रहे दो कैदी नाहुस भारती और जयपाल सिंह पैरोल पर बाहर तो आए, लेकिन वापस जेल नहीं पहुंचे। इसके बाद पद्मनाभपुर पुलिस ने दोनों के घर दबिश दिया तब पता चला कि वह फरार हो चुके है, इसके बाद जेल से फरार होने का मामला दर्ज किया गया। दुर्ग एसपी जितेन्द्र शुक्ला ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों कैदियों पर 10-10 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया है।
पद्मनाभपुर पुलिस ने बताया कि पथर्रा गांव निवासी नाहुस भारती (36 वर्ष) और हाउसिंग बोर्ड जामुल निवासी जयपाल सिंह को हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। दोनों दुर्ग केंद्रीय जेल में सजा काट रहे थे। दोनों हत्यारों ने न्यायालय से पैरोल पर बाहर आने की मांग की थी। कोर्ट ने नाहुस भारती की याचिका पर सुनवाई करते हुए उसे 21 मई 2022 को 14 दिन की पैरोल दिया था। न्यायालय के आदेश के मुताबिक दोनों को 7 जून 2022 तक जेल वापस आना था, लेकिन वह नहीं लौटा। इसी तरह दूसरे मामले में हाउसिंग बोर्ड जामुल निवासी जयपाल सिंह को कोर्ट से 30 दिसंबर 2023 को पैरोल मिली थी। जिसे 16 जनवरी 2024 तक जेल में पहुंचना था लेकिन वो भी जेल में नहीं पहुंचा। जब पुलिस ने दोनों के घर में दबिश दी तो पता चला कि दोनों जेल से बाहर आने के बाद फरार हो गए हैं।
एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर ने कहा कि किसी बंदी को जब पैरोल पर छोड़ा जाता है तो उसे एक नियत तिथि में जेल वापस लौटना पड़ता है। निश्चित समय अवधि में वापस नहीं आने पर संबंधित थाना में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जाता है। पद्मनाभपुर पुलिस ने इसी तरह के 2 फरार कैदियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला ने दोनों फरार कैदियों को पकडने के लिए 10-10 हजार रुपए के ईनाम की घोषणा की है। इसके साथ ही दुर्ग पुलिस दोनों अपराधियों को पकडने के लिए लगातार छापामार कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *