पिछले पौने दो साल में 5 लाख पशुधन राज्य से गायब, 2500 की दुर्घटना व भूख से हुई मौत

रायपुर। भाजपा सरकार के राज में गायों की तस्करी शुरू हो गयी, गाये भूख से, दुर्घटना से मर रही है। कांग्रेस सरकार के द्वारा चलाई जा रही गौठान योजना और गोबर खरीदी योजना को बंद कर दिया गया जिसके कारण पिछले पौने दो साल में चारे पानी के अभाव में भूख से तथा खुले में घूमने के कारण सड़को पर एक्सीडेंट से बड़ी संख्या में गायों की लगातार मौत हो रही है। विभिन्न समाचार माध्यमों में जो खबरें आई है उसके अनुसार पौने दो वर्ष में 850 से अधिक गाय सड़को पर कुचल कर मारी गई। लगभग 1200 से अधिक गाय भूख से चारे पानी के अभाव में मारी गई। 200 से अधिक गाय जहरीला पदार्थ आदि खाने से मारी गई। यह बातें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुये कही।
उन्होने कहा कि 2023 में लगभग 14 लाख गोवंश का राज्य में कांग्रेस की सरकार के समय 10800 गोठानों में व्यवस्थापन होता था उनके चारे पानी की व्यवस्था होती थी। गायो के मौत के मामले में कांग्रेस ने अभी तक 6 कमेटियां बनाई है उनकी रिपोर्ट और हमने जो अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से गांव वालों से चर्चा कर जानकारी एकत्रित की वह बहुत ही चौंकाने वाली वाली और दुखद है। दो साल में गांवों और शहरों में पशुओं की संख्या 40 फीसदी तक घट गई है। अर्थात राज्य से पिछले दो सालों में लगभग 5 लाख से अधिक गोवंश गायब हो गए। दुर्घटना से मरने वाली भूख से मरने वाली कुल गायों की संख्या तो लगभग 2 हजार से ढाई हजार तक है। फिर ये लगभग पांच लाख गाय कहां गई? सीधा मतलब है उनकी तस्करी कर यूपी महाराष्ट्र के स्लाटर हाउस पहुंचा दी गई।
कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि पिछले पौने दो साल में प्रदेश से गायब लगभग 5 लाख गोवंश के बारे में सरकार स्पष्टीकरण दें। सरकार 2023 के पहले के सभी 10800 गौठानो को पुन: शुरू करें। गोठानों में चारा पानी की सुरक्षित व्यवस्था किया जाये। पत्रकारवार्ता में प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, पूर्व सांसद छाया वर्मा, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, महामंत्री कन्हैया अग्रवाल, सकलेन कामदार, जिला अध्यक्ष उधोराम वर्मा, वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा, प्रवक्ता सत्य प्रकाश सिंह, अजय गंगवानी, सौरभ साहू उपस्थित थे।










