अंबेडकर चौक क्षेत्र में ऑटो, फर्नीचर और डेकोरेशन से जुड़ी आठ दुकानें जलकर खाक

अंबिकापुर। अंबेडकर चौक क्षेत्र में मंगलवार तड़के भीषण आग लगने से ऑटो, फर्नीचर और डेकोरेशन से जुड़ी आठ दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। आगजनी की इस घटना में सवा करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांधीनगर थाना क्षेत्र के अम्बेडकर चौक स्थित तड़के करीब चार बजे एक फर्नीचर दुकान में अचानक आग भडक उठी, जिसने कुछ ही मिनटों में आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें करीब 20 फीट तक ऊंची उठती रहीं। सुबह करीब साढ़े चार बजे वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने दुकान संचालक राकेश अग्रवाल को आग लगने की सूचना दी। इसके बाद उन्होंने तत्काल फायर ब्रिगेड, कंट्रोल रूम और डायल-112 को सूचित किया। सूचना मिलने पर गांधीनगर, कोतवाली और मणिपुर थाना पुलिस तथा ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन फायर ब्रिगेड की टीम करीब एक घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग फैलते हुए समीप संचालित नाश्ते की दुकान तक पहुंच गई, जहां रखे छोटे गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया। विस्फोट के कारण नाश्ते की दुकान भी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। आग की चपेट में राकेश अग्रवाल की दुकान के पीछे संचालित फर्नीचर फैक्ट्री भी आ गई, जहां आलमारी निर्माण और पेटिंग का कार्य होता था। आग पर नियंत्रण के लिए दरिमा एयरपोर्ट की फायर ब्रिगेड टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
दुकान संचालक राकेश अग्रवाल ने फायर ब्रिगेड पर समय पर नहीं पहुंचने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती तो नुकसान काफी हद तक कम किया जा सकता था। आगजनी की घटना में ई-रिक्शा, बैटरी, इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण, फर्नीचर और डेकोरेशन का कीमती सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना के कारण सुबह स्कूल बसें और वैन ट्रैफिक जाम में फंस गईं। पुलिस को यातायात सामान्य करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *