दुर्ग, बेमेतरा, कोरिया और कांकेर जिला पंचायत पर भाजपा ने किया कब्जा

रायपुर। दुर्ग, बेमेतरा, कोरिया और कांकेर के जिला पंचायतों में अध्यक्ष पद पर भाजपा ने कब्जा कर लिया है। बेमेतरा से भाजपा की कल्पना योगेश तिवारी जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित घोषित हुई है, वहीं दुर्ग में भाजपा समर्थित सरस्वती बंजारे निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुई। कांकेर में भाजपा समर्थित तारा ठाकुर अध्यक्ष का चुनाव जीतने में कामयाब रही है। उपाध्यक्ष पद पर भी भाजपा का कब्जा हुआ है। कोरिया में मोहितराम पैकरा 2 वोट से चुनाव जीतने में कामयाब रहे।
दुर्ग में जिला पंचायत अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। यहां भाजपा समर्थित सरस्वती बंजारे निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं। दुर्ग जिला पंचायत में भाजपा समर्थित प्रत्याशी ज्यादा संख्या में जीतकर आए थे। इससे परे बेमेतरा में भाजपा ने कल्पना योगेश तिवारी को जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी घोषित किया था। कल्पना प्रदेश में सबसे ज्यादा वोटों से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीतकर आई हैं। कांग्रेस ने शशि गायकवाड़ को अध्यक्ष प्रत्याशी बनाया। कल्पना योगेश तिवारी को 10, और शशि को 4 वोट ही मिल पाए। लंबे समय बाद बेमेतरा में भाजपा का जिला पंचायत पर कब्जा हुआ है। वहां भाजपा में खुशी की लहर है।
कोरिया जिला पंचायत के चुनाव में उस वक्त अजीबो गरीब स्थिति निर्मित हो गई, जब भाजपा समर्थित दो प्रत्याशी मैदान में उतर गए। पार्टी ने मोहित राम पैकरा को अधिकृत अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया था, लेकिन पूर्व मंत्री भैय्यालाल राजवाड़े ने इसका विरोध करते हुए महिला प्रत्याशी को मैदान में उतार दिया था। इसके बावजूद मोहितराम पैकरा 2 वोट से चुनाव जीतने में कामयाब रहे। पूर्व मंत्री भैय्यालाल राजवाड़े की पुत्री और बहू जिला पंचायत की सदस्य बनी हैं। पैकरा को 6 वोट मिले, जबकि भैय्यालाल राजवाड़े समर्थक महिला प्रत्याशी को 4 वोट ही मिल पाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *