छत्तीसगढ़ के अमृत सरोवरों में कल मनाया जाएगा संविधान दिवस

00 संविधान की प्रस्तावना का किया जावेगा वाचन

रायपुर। संविधान अंगीकरण की स्मृति में 26 नवंबर को प्रति वर्ष देश भर में संविधान दिवस मनाया जाता है। संविधान दिवस हमारे देश के लोकतांत्रिक ढांचे की आधारशिला के रूप में हमारे मूल्यों की याद दिलाता है। इस ऐतिहासिक दिन को यादगार बनाने के लिए राज्य के अमृत सरोवर स्थलों पर संविधान दिवस मनाया जाएगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा इस संबंध में सभी कलेक्टरों को प्रदेश के अमृत सरोवर स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित कर संविधान दिवस मनाने तथा संविधान की प्रस्तावना का वाचन किये जाने के निर्देश दिए गए हैं।
भारत सरकार ग्रामीण विकास मंत्रालय ने इस ऐतिहासिक दिन को स्मरणीय बनाने के लिए अमृत सरोवर स्थलों पर एक विशेष समारोह का आयोजन करने प्रस्ताव किया है, जिसके तारतम्य में राज्य में स्थानीय समुदायों, अमृत सरोवर उपयोगकर्ता समूहों और सरकारी अधिकारियों की भागीदारी में संविधान दिवस मनाया जाएगा। संविधान दिवस 26 नवंबर के दिन अमृत सरोवर स्थलों में प्रात: 11 बजे संविधान की प्रस्तावना का पठन होगा, जिसमें संविधान के आदर्शों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दोहराया जाएगा। स्थानीय हितधारकों, समूहों और शासकीय अधिकारियों को शामिल होकर संविधान दिवस का व्यापक और प्रभावी आयोजन किया जावेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *