राजनांदगांव की धरती हमेशा कुछ नया करती आई है… स्पीकर हाउस से दौड़ी सुपर प्रीमियम सफर की नई सोच, डॉ. रमन सिंह ने किया दादा ट्रैवल्स की Volvo 9600 SLX का शुभारंभ –

 

रायपुर/राजनांदगांव – छत्तीसगढ़ के यात्रियों के लिए परिवहन क्षेत्र में बुधवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के निवास पर राजनांदगांव की दादा ट्रैवल्स की अत्याधुनिक Volvo 9600 SLX सुपर प्रीमियम लग्जरी स्लीपर बस का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर केवल एक नई बस को हरी झंडी नहीं दिखाई गई, बल्कि सुपर प्रीमियम सफर आम आदमी की पहुंच में कैसे आए, इसकी नई सोच भी सामने रखी गई।

कार्यक्रम में डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगांव की ऐतिहासिक पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि राजनांदगांव वह धरती है, जहां पहली रेल चली थी और यह धरती हमेशा से कुछ नया करती आई है। परिवहन के क्षेत्र में दादा ट्रैवल्स की यह नई पहल भी उसी नवाचार और आगे बढ़ने की परंपरा को आगे बढ़ाती है।

स्पीकर हाउस से Volvo को हरी झंडी, कंपनी के लिए भी बना खास पल –
Volvo India के वरिष्ठ अधिकारी रवि मनोचा ने इसे कंपनी के लिए विशेष अवसर बताया। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य का विषय है कि Volvo बस को विधानसभा अध्यक्ष के निवास, यानी स्पीकर हाउस से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि Volvo भले ही वैश्विक पहचान रखने वाला ब्रांड हो, लेकिन आज भारत में भी उसकी मजबूत मौजूदगी और जुड़ाव है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में Volvo बसों का नेटवर्क तेजी से बढ़ेगा। रवि मनोचा ने विश्वास जताया कि आने वाले दो वर्षों में छत्तीसगढ़ से 100 से अधिक Volvo बसें दौड़ती नजर आ सकती हैं। यह बात केवल एक कंपनी के कारोबारी विस्तार का संकेत नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ में लंबी दूरी की प्रीमियम बस यात्रा के बदलते स्वरूप की ओर भी इशारा करती है।

Volvo में बिना चप्पल का आदमी भी सफर कर सके…
कार्यक्रम में परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर ने एक ऐसी बात कही, जिसने पूरे कार्यक्रम की सोच को एक अलग पहचान दे दी। उन्होंने कहा कि Volvo जैसी सुपर प्रीमियम बस में बिना चप्पल का आदमी भी सफर कर सके, ऐसा होना चाहिए। यह बात दरअसल उस सोच को सामने रखती है कि आधुनिक और शानदार यात्रा केवल संपन्न वर्ग तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। यदि सुविधाएं बेहतर हैं, तो उन्हें आम यात्री की पहुंच में लाने का प्रयास भी होना चाहिए। दादा ट्रैवल्स की नई Volvo सेवा भी इसी सोच के साथ शुरू की जा रही है। कंपनी का प्रयास सामान्य स्लीपर बस की तुलना में मात्र 200 से 300 रुपये अतिरिक्त किराये में यात्रियों को सुपर प्रीमियम सफर का अनुभव उपलब्ध कराने का है।

40 स्लीपर, वॉशरूम और हर स्लीपर में एंटरटेनमेंट स्क्रीन –
नई Volvo 9600 SLX को लंबी दूरी की यात्रा को अधिक आरामदायक और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। बस में यात्रियों के लिए 40 प्रीमियम स्लीपर, बस के भीतर वॉशरूम, प्रत्येक स्लीपर में व्यक्तिगत टीवी/एंटरटेनमेंट स्क्रीन आधुनिक और आरामदायक लंबी दूरी की यात्रा की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। दादा ट्रैवल्स का कहना है कि उद्देश्य केवल लग्जरी बस चलाना नहीं, बल्कि प्रीमियम यात्रा को अधिक से अधिक यात्रियों की पहुंच तक पहुंचाना है।

रायपुर से पुणे लगभग 16 घंटे का सफर –
Volvo 9600 SLX की पहली सेवा रायपुर से पुणे के बीच संचालित की जाएगी। बस का रूट होगा रायपुर से भिलाई दुर्ग राजनांदगांव नागपुर औरंगाबाद (छत्रपति संभाजीनगर) अहमदनगर होते हुए लगभग 16 घंटे में पुणे पहुँचेगी। इस यात्रा का किराया करीब 2,000 से 2,500 रुपये के आसपास रखने का प्रयास किया जा रहा है। यानी कोशिश यह है कि लंबी दूरी का सफर केवल सीट से गंतव्य तक पहुंचने का माध्यम न रहे, बल्कि यात्री को रास्ते भर बेहतर आराम और आधुनिक सुविधाओं का अनुभव भी मिले।

छत्तीसगढ़ से देश के प्रमुख शहरों तक सुपर प्रीमियम कनेक्टिविटी का लक्ष्य –
दादा ट्रैवल्स, राजनांदगांव का संचालन प्रफुल्ल कोठारी, राजेश बाफना एवं विनीत लुनिया द्वारा किया जा रहा है। संस्थापक राजेश बाफना ने कहा कि संस्था का लक्ष्य नैतिकता एवं पारदर्शिता के साथ परिवहन व्यवसाय करते हुए छत्तीसगढ़ को देश के विभिन्न प्रमुख शहरों से सुपर प्रीमियम बस सेवाओं के माध्यम से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में आराम, सुरक्षा और आधुनिक सुविधाएं तो मिलें ही, साथ ही किराया भी उनकी पहुंच में रहे।

वहीं संस्थापक प्रफुल्ल कोठारी ने कहा कि दादा ट्रैवल्स की प्राथमिकता प्रीमियम सुविधाओं के बावजूद यात्रियों पर अतिरिक्त किराये का बोझ न्यूनतम रखना है। बेहतर से बेहतर यात्रा सुविधा कम से कम संभव किराये में उपलब्ध कराना संस्था का लक्ष्य है।

भावेश बैद रहे आयोजन के प्रमुख सूत्रधार –
इस पूरे आयोजन की परिकल्पना से लेकर उसके सफल क्रियान्वयन तक राजनांदगांव निवासी भावेश बैद का विशेष एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही। डॉ. रमन सिंह जी के निवास पर Volvo 9600 SLX के ग्रैंड ओपनिंग कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने, आवश्यक समन्वय स्थापित करने और पूरे समारोह के सफल संचालन तक उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन, समन्वय और कुशल संचालन के कारण कार्यक्रम अत्यंत सुव्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ। दादा ट्रैवल्स के संस्थापक सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में उनके विशेष सहयोग के लिए भावेश बैद के प्रति आभार व्यक्त किया।

परिवहन आयुक्त से लेकर Volvo India की पूरी टीम तक रही मौजूद –
शुभारंभ समारोह में परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर, Volvo India के वरिष्ठ अधिकारी रवि मनोचा एवं एंथोनी सहित Volvo India की टीम विशेष रूप से उपस्थित रही। इसके अलावा राजनांदगांव, भिलाई-दुर्ग और रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्टर्स, सहयोगी, इष्टमित्र और गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।

राजनांदगांव से निकली एक नई यात्रा की सोच
कार्यक्रम का सबसे दिलचस्प संदेश यही रहा कि सुपर प्रीमियम यात्रा केवल प्रीमियम लोगों के लिए नहीं होनी चाहिए। एक ओर डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगांव की उस धरती को याद किया, जिसने इतिहास में नई शुरुआतों को देखा है। दूसरी ओर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर ने ऐसी यात्रा की बात की, जिसमें आर्थिक हैसियत किसी की सुविधा तय न करे। और Volvo India ने छत्तीसगढ़ में अगले दो वर्षों में 100 से अधिक Volvo बसों के दौड़ने का भरोसा जताया।

दादा ट्रैवल्स ने भी इसी मौके पर अपना संकल्प दोहराया –
किफायती किराये में सुपर प्रीमियम यात्रा। यदि यह मॉडल अपने उद्देश्य में सफल होता है, तो आने वाले समय में रायपुर और छत्तीसगढ़ के अन्य शहरों से देश के प्रमुख महानगरों तक बस यात्रा का अनुभव बदल सकता है। राजनांदगांव की धरती से शुरू हुई यह नई यात्रा अब केवल पुणे तक नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ को देश के बड़े शहरों से आधुनिक, आरामदायक और सुपर प्रीमियम कनेक्टिविटी से जोड़ने के बड़े सपने की ओर बढ़ रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *