धमतरी में साढ़े चार साल की यादगार पारी, अब बड़ी जिम्मेदारी की ओर बढ़ीं जगरानी एक्का… विदाई में छलका अपनापन –

धमतरी – किसी अधिकारी की विदाई केवल औपचारिक समारोह बनकर नहीं रह जाती, जब उसके कार्यकाल की पहचान बेहतर काम, सहज व्यवहार और अधीनस्थों के साथ आत्मीय संबंधों से बनी हो। जिला महिला एवं बाल विकास विभाग में कुछ ऐसा ही नजारा उस समय देखने को मिला, जब जिला कार्यक्रम अधिकारी जगरानी एक्का को साढ़े चार वर्षों की उल्लेखनीय सेवाओं के बाद नई जिम्मेदारी के लिए विदाई दी गई।

जगरानी एक्का का स्थानांतरण प्रभारी संयुक्त संचालक, संचालनालय महिला एवं बाल विकास के पद पर हुआ है। धमतरी में अपने लगभग साढ़े चार साल के कार्यकाल के दौरान उन्होंने विभागीय जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए अपनी कार्यशैली से अलग पहचान बनाई। बेहतर कार्य, प्रशासनिक दक्षता और विभागीय समन्वय के साथ-साथ कनिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति उनका प्रेम, सद्भाव और आत्मीय व्यवहार उनके कार्यकाल की खास पहचान रहा।

उनके स्थानांतरण के बाद आयोजित विदाई समारोह में केवल औपचारिक शब्द नहीं, बल्कि साढ़े चार वर्षों में बने रिश्तों की गर्माहट दिखाई दी। किसी ने उन्हें उनकी तस्वीर भेंट कर यादों को संजोया, तो किसी ने पुष्पगुच्छ देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सहयोगियों और कर्मचारियों ने एक-एक कर उनके साथ बिताए कार्यकाल को याद किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

धमतरी में जगरानी एक्का का कार्यकाल बेहतर सेवाओं और निर्विवाद कार्यशैली के लिए याद किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच ही नहीं, बल्कि आमजनों के बीच भी उनके व्यवहार और कार्यों की सराहना होती रही। यही वजह रही कि विदाई के मौके पर माहौल में सम्मान भी था, अपनापन भी और एक अच्छे अधिकारी के जाने की भावुकता भी।

अब धमतरी की जिम्मेदारियों से आगे बढ़कर जगरानी एक्का महिला एवं बाल विकास संचालनालय में प्रभारी संयुक्त संचालक के रूप में नई जिम्मेदारी संभालेंगी। धमतरी से विदाई के साथ सभी ने उन्हें एक ही संदेश दिया जैसे यहां अपनी कार्यशैली और व्यवहार से पहचान बनाई, वैसे ही नई जिम्मेदारी में भी सफलता की नई इबारत लिखें।
धमतरी के लिए यह विदाई जरूर थी, लेकिन जगरानी एक्का के साढ़े चार साल के कार्यकाल की यादें… लंबे समय तक लोगों के बीच बनी रहेंगी।










