साय की सरकार में अपनी सियासी बिसात बिछा रहे युवा चौधरी! कैमरे पर बादशाहत, शतरंज में अगली चाल किसकी –

सूबे की सत्ता में इन दिनों एक दिलचस्प शतरंज की चाले चली जा रही है। मुख्यमंत्री अपनी सहजता और सादगी से सरकार की बिसात संभाल रहे हैं, तो युवा चौधरी सोशल मीडिया पर अपनी अलग बादशाहत कायम करने में जुटे हैं। खाने की थाली से खेत की मेड़ तक, पौधारोपण से लेकर विकास के निरीक्षण तक, हर जगह कैमरा हाजिर। आत्ममुग्धता ऐसी कि साहब को अपनी ही तस्वीरों में अपनी सियासी चमक कुछ ज्यादा नजर आने लगी है। सवाल है, सोशल मीडिया पर बढ़ता यह कद क्या सियासत में भी कद-काठी बढ़ाएगा या फिर यह महज डिजिटल मृगतृष्णा है?
वैसे साहब एक खास बैच से आते हैं। कलेक्ट्री का भूत शायद अब तक सिर से पूरी तरह उतरा नहीं है। कुर्सी बदल गई, विभाग बदल गया, जिम्मेदारी राजनीतिक हो गई, लेकिन काम करने का तरीका अब भी प्रशासनिक नजर आता है। कलेक्टर रहते आदेश चलाना आसान था, मंत्री बनने के बाद लोगों के बीच खड़े होकर सवालों का जवाब देना पड़ता है। राजनीति में सिर्फ अपना बखान बांटने से बात नहीं बनती, कभी दूसरों की आवाज भी बुलंद करनी पड़ती है। युवाओं के रोजगार का सवाल हो, नौकरियों की उम्मीद लगाए बैठे नौजवानों की बेचैनी हो, वहां भी साहब से वैसी मुखरता की अपेक्षा रहती है जैसी अपने प्रचार के मामले में दिखाई देती है। युवाओं के लिए लड़ने और बोलने की बारी आए तो आवाज उतनी बुलंद क्यों नहीं सुनाई देती? आत्मप्रचार की ऊर्जा जनसरोकारों में भी दिखाई दे तो शायद ज्यादा सार्थक हो।
अब स्वागत की सियासत पर लौटिए। स्मृति ईरानी के रायपुर दौरे पर स्वागत की तैयारियां कुछ ऐसी थीं कि बाइक रैली से लेकर फोटो और रील के अलग-अलग एंगल तक की कल्पनाएं सज चुकी थीं। प्रचार के शौकीन इन्फ्लुएंसर मंत्रियों को उम्मीद थी कि इस बार सोशल मीडिया पर खूब रंग जमेगा। लेकिन दौरा सादगी से निपट गया। तैयारियां धरी रह गईं, कैमरों को मनचाहा मसाला नहीं मिला। फिर अमित शाह का आगमन हुआ तो बारिश भी जोश पर पानी नहीं फेर सकी। स्वागत-सत्कार, तस्वीरें, वीडियो और पोस्ट की ऐसी बौछार हुई कि पिछली सारी कसर पूरी होती दिखाई दी। युवा चौधरी ने भी अपनी डिजिटल ब्रांडिंग में कोई कमी नहीं छोड़ी।
मगर इस पूरे खेल में सबसे बड़ा सवाल मुख्यमंत्री और उनके मंत्रियों के बीच दिखाई देने वाली प्रतिस्पर्धा का है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सहजता उनकी राजनीतिक शैली है। हर वक्त कैमरे के सामने रहने की बेचैनी उनमें दिखाई नहीं देती। लेकिन सरकार का नेतृत्व करने वाले मुखिया के लिए यह भी जरूरी है कि उनकी टीम एकजुट दिखे। मंत्री अपनी लोकप्रियता बढ़ाएं, इसमें बुराई नहीं; लेकिन जब व्यक्तिगत ब्रांडिंग सामूहिक नेतृत्व से बड़ी दिखाई देने लगे तो सवाल उठना लाजिमी है। आखिर यह किस तरह की सियासी प्रतिस्पर्धा है, जिसमें सरकार की उपलब्धियों से ज्यादा अपनी तस्वीर की पहुंच की चिंता दिखाई देती है?
शतरंज में वजीर बनने की चाह रखने वाले खिलाड़ी को पहले पूरी बिसात समझनी पड़ती है। सिर्फ अपनी चाल चलने से बाजी नहीं जीती जाती, राजा की सुरक्षा और बाकी मोहरों का तालमेल भी जरूरी होता है। कहीं ऐसा तो नहीं कि युवा चौधरी अपनी अलग बिसात बिछाने के फेर में यह भूल रहे हैं कि खेल अभी मुख्यमंत्री की अगुवाई में ही चल रहा है?
साहब को शायद यह भी समझना होगा कि कलेक्ट्री में अपनी रिपोर्ट खुद लिखी जा सकती है, राजनीति में रिपोर्ट जनता लिखती है। सोशल मीडिया के लाइक्स से आत्ममुग्धता बढ़ सकती है, लेकिन राजनीतिक स्वीकार्यता का प्रमाणपत्र वहां नहीं मिलता। अभी तो ढाई साल का वक्त बाकी है। देखना दिलचस्प होगा कि कैमरे की चमक सियासी कद में बदलती है या मुख्यमंत्री से बनाई जा रही यह दूरी आगे चलकर कोई नया रंग दिखाती है। क्योंकि शतरंज में कई बार खिलाड़ी अपनी चाल को मास्टरस्ट्रोक समझता है, लेकिन बाजी पलटने में देर नहीं लगती।










