गौरीशंकर श्रीवास की शिकायत पर कांग्रेस IT सेल नेता के खिलाफ FIR

गौरीशंकर श्रीवास की शिकायत पर कांग्रेस IT सेल नेता के खिलाफ FIR

रायपुर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास की शिकायत पर नितिन नवीन के तिरंगा फहराने की तस्वीर से छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में कांग्रेस IT सेल से जुड़े नेता अरुण साहू के खिलाफ सिविल लाइंस थाना पुलिस ने FIR दर्ज की है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 की धारा 2 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 356 के तहत अपराध दर्ज किया है। FIR क्रमांक 0429/2026 में घटना 15 अगस्त की सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच की बताई गई है।

श्रीवास ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा अपने निवास पर तिरंगा फहराने की तस्वीर को अरुण साहू ने एडिट कर गलत तरीके से सोशल मीडिया पर प्रसारित किया और पोस्ट के जरिए नितिन नवीन को लेकर भ्रामक जानकारी फैलाने का प्रयास किया गया।

शिकायतकर्ता के मुताबिक संबंधित पोस्ट बाद में डिलीट कर दिया गया, लेकिन तब तक वह सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था। श्रीवास ने पोस्ट के स्क्रीनशॉट सहित अन्य साक्ष्य पुलिस को सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की थी। FIR में अरुण साहू को आरोपी के रूप में दर्ज किया गया है।

गौरीशंकर श्रीवास ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय से कांग्रेस नेताओं द्वारा राष्ट्रध्वज और भाजपा नेताओं से संबंधित तस्वीरों को बिना तथ्य-जांच सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की मुहिम चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रध्वज और राष्ट्रीय पर्व से जुड़ी आपत्तिजनक अथवा भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *